मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)। मंसूरपुर तिराहे के पास नेशनल हाईवे पर सड़क पार कर रहे फार्र्मासिस्ट को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बेगराजपुर मेडिकल कालेज में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जिला अमरोहा के भूड़ चौकी निवासी सैफउस्मान ने मंसूरपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उसके पिता दिलशाद (43) बुधवार देर शाम को खाना खाने जाने के लिए मंसूरपुर में नेशनल हाईवे पार कर रहे थे, उसी समय अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल दिलशाद को बेगराजपुर मेडिकल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के पुत्र ने बताया कि उसके पिता बुढ़ाना स्वास्थ्य केंद्र में फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत थे। चार महीने पहले ही उनका मंसूरपुर अस्पताल से बुढ़ाना ट्रांसफर हुआ था। फिलहाल वे मंसूरपुर में ही रह रहे थे।