थर्मल स्क्रीनिंग कर स्वास्थ्य परीक्षण किया
खतौली। बृहस्पतिवार की सुबह आवश्यक सामान लेने घर से बाहर निकले लोगों की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जानसठ व बुढ़ाना तिराहे पर थर्मल स्क्रीनिंग की। खतौली गांव वाजिदपुर में रिटायर्ड सैनिक के कोरोना संक्रमित पॉजिटिव मिलने पर गन्ना किसानों को उस समय दिक्कत का सामना करना पड़ा, जब वे प्रतिबंध के बावजूद गन्ने से लदी अपनी भैंस बुग्गी व ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर शुगर मिल पहुंच गए। अपना गन्ना लेकर शुगर मिल पहुंचे अन्य किसानों की मांग पर शुगर मिल कर्मचारियों ने वाजिदपुर खुर्द के किसानों का गन्ना लेने से इंकार दिया। सीओ के निर्देश पर इस शर्त के साथ वाजिदपुर खुर्द के किसानों का गन्ना लिया गया कि वह अग्रिम आदेश तक शुगर मिल में गन्ना लेकर नहीं आएंगे। मिल अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल गांव में गन्ना पर्ची नहीं भेजी जा रही है। उधर, खतौली मोहल्ला शिवपुरी स्थित दुर्गापुरी निवासी किशोर माधव रावल स्प्रे मशीन को अपने कंधे पर लादकर पूरी गली को सैनिटाइज करता हुआ दुर्गा मंदिर तक जा पहुंचा और बंद पड़े मंदिर को सैनिटाइज कर दिया। माधव रावल के इस प्रयास से प्रभावित स्थानीय लोगों ने प्रशंसा की।