शाहपुर। क्षेत्र के एक गांव में एक किशोरी के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट परिजनों व ग्रामीणों ने कस्बा पुलिस चौकी पर ढाई घंटे तक जाम लगाकर धरना-प्रदर्शन किया। सीओ बुढ़ाना के समझाने पर भी लोग नहीं माने तब पुलिस ने लाठी फटकार कर जाम खुलवाया और आधा दर्जन महिला-पुरुषों को हिरासत में ले लिया। धरने के दौरान पीड़िता के ताऊ ने आत्मदाह करने का भी प्रयास किया।
17 अगस्त को एक गांव निवासी किशोरी को सहेली के साथ जाते समय अपनी रिश्तेदारी में आए तितावी के गांव अटाली निवासी सौरभ ने रोक लिया था। उसे अपने साथ ले जाकर दुष्कर्म किया था। आरोप है कि आरोपी के रिश्तेदार यतेंद्र ने पीड़िता को घटना के बारे में बताने पर गोली मारने की धमकी दी। आरोपी की मदद करने में गांव का ही एक युवक भी शामिल है। पुलिस ने मुख्य आरोपी व उसके रिश्तेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सौरभ का चालान कर दिया।
परिजन पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हुए। आरोप लगाया कि हल्का प्रभारी ने उनसे तहरीर बदलवाई है। मुख्य आरोपी के दोनों अन्य साथियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए। यह मांग करते हुए दर्जनों लोग थाने पहुंचे। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर कार्रवाई करने की बात कही तो परिजन व ग्रामीण कस्बा पुलिस चौकी पर पहुंच गए और ट्रैक्टर- ट्राॅली को आड़ी तिरछी खड़ी कर मुजफ्फरनगर-बड़ौत व शाहपुर- शामली मार्ग पर जाम लगाकर धरना देकर बैठ गए। आला अधिकारियों को बुलाने की मांग करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
इसी दौरान धरना प्रदर्शन में शामिल पीड़िता के ताऊ ने ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। साक्षी वेलफेयर ट्रस्ट की राष्ट्रीय अध्यक्ष शालू सैनी व अन्य लोगों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद भी सभी लोग धरने पर बैठे रहे। इस दौरान कई थानों की पुलिस मौजूद रही।
शाम के समय सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने सभी आरोपियों के विरुद्ध 24 घंटे के अंदर कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया लेकिन किसी ने उनकी भी एक नहीं सुनी । इसके बाद पुलिस ने लाठी फटकार कर जाम खुलवाया और छह लोगों को हिरासत में ले लिया ।
एसपी देहात आदित्य बंसल ने कहा कि पुलिस ने मुकदमे में सही कार्रवाई की है। जाम लगाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।इ