दुघर्टना में घायल बच्ची को बचाकर लाते लोग
- फोटो : DEVBAND
टेंपू खेत में पलटने से यात्री की मौत, छह घायल
देवबंद (सहारनपुर)। रुड़की-मंगलौर मार्ग पर सवारियों से भरा टेंपू अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया। हादसे में एक सवारी की मौत हो गई। जबकि चार महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए। सभी एक ही परिवार के हैं। परिजन रिश्तेदार की तेरहवीं से लौट रहे थे। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जगदेई गांव निवासी चंद्र किरण परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रविवार को फुलासी गांव में रिश्तेदार की तेरहवीं में गए थे। शाम के समय सभी लोग टेंपू से लौट रहे थे। जब वह रुड़की-मंगलौर मार्ग स्थित मिरगपुर गांव के गेट के सामने पहुंचे तो अचानक टेंपू अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे खेत में पलट गया। कई पलटी खाने के चलते टेंपू में सवार महिलाओं में चीख पुकार मच गई। चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और टेंपू में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने चंद्र किरण को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रुप से घायल मृतक की पत्नी इलमकली, मदन, सरस्वती, आरती समेत पांच लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चंद्र किरण के बेटे सुमित कुमार ने बताया कि सभी रिश्तेदार की तेरहवीं में शामिल होने गए थे। टेंपू के नीचे दबने से उसके पिता की मौत हुई है। वहीं, पुलिस का कहना है कि परिजनों ने कोई कार्रवाई करने से इंकार कर दिया। जिसके चलते पंचनामा भरकर शव को उनके सुपुर्द कर दिया गया।
टैंपू पलटने के दौरान घायल महिला को सुरक्षित बाहर लाते लोग- फोटो : DEVBAND
देवबंद मंगलौर मार्ग पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेतों में पलटा टैंपू- फोटो : DEVBAND