राजकीय कालेज में कार्यशाला का शुभारंभ करते डॉ वीरपाल निर्वाल।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि गांव और ग्रामीणों के विकास में पंचायत सदस्यों की सबसे बड़ी भूमिका होती है। जमीनी स्तर की समस्याओं की जानकारी सदस्यों को होती है, जिससे विकास हर व्यक्ति तक पहुंचता है।
राजकीय इंटर कॉलेज के सभागार में संस्थागत विकास एवं ग्राम की समृद्धि में पंचायत सदस्यों की भूमिका विषय पर आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने किया। उन्होंने कहा कि पंचायत सदस्य सक्रिय रहे और अपने-अपने गांव के विकास में योगदान करें। तीसरी सरकार अभियान के राष्ट्रीय संयोजक चंद्रशेखर ने भी सदस्यों से सक्रियता का आह्वान किया और उनके अधिकार क्षेत्र की जानकारी भी उपलब्ध कराई। मेरठ जोन के जोनल समन्वयक प्रमोद चौधरी ने पंचायतों के संस्थागत विकास में पंचायत सदस्यों को पहल करने की अपील की। जब तक पंचायत संस्थागत रूप में मजबूत नहीं होगी तब तक ग्राम स्वराज की कल्पना संभव नहीं है। पीएस मलिक, अधिवक्ता बलराज सिंह मालिक, गोपाल भगत, जिला पंचायत राज अधिकारी डीपी शर्मा, रामकुमार शर्मा, रविंद्र ककरौली ने भी अपने-अपने विचार रखें। कार्यशाला में ग्राम सदस्यों ने भी प्राप्त प्रशिक्षण के अनुभवों को भी साझा किया। कार्यशाला में मेरठ एवं सहारनपुर मंडल के नौ जिलों से आये 100 पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लिया। संचालन जोनल समन्वयक मेरठ जोन प्रमोद चौधरी ने किया।