फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सबसे गंदा है हमारा शहर : संजीव बालियान

Mon, 14 Jan 2019 12:39 AM IST
Deepak Kausik अमर उजाला ब्यूरो/ मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
सांसद और चेयरपर्सन में होती नोकझोंक। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
प्रदेश के नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना के सामने शहर की गंदगी को लेकर घमासान मचा रहा। पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद डॉ संजीव बालियान ने शहर में स्वच्छता नहीं होने पर  डीएम और चेयरपर्सन से नाराजगी जताई। कहा कि ये दोनों बताएं शहर में सफाई के लिए उनके पास क्या प्लान है। शहर की जनता रोज हमें और विधायक को घेर रही है, हम क्या जवाब दें। क्या सफाई कराने की जिम्मेदारी हमारी है। यदि आप लोगों के बस का नहीं है तो एकतरफ हो जाओ हम अपने आप देख लेंगे।  
विज्ञापन


टाऊनहाल के मैदान हुए कार्यक्रम में सांसद डॉ बालियान ने कहा कि इस समय सबसे गंदे शहरों में हमारा शहर शामिल है। यहां सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। शहर में कूड़ा उठाने वाली कंपनी एटूजेड को हटा दिया गया। कूड़ा उठाने की कोई व्यवस्था नहीं की गई। डीएम और चेयरपर्सन बताएं कि उनका क्या प्लान है। यदि आप लोगों के बस का शहर की सफाई कराना नहीं है तो जनता के सहयोग से हम सफाई करा लेंगे। सांसद ने कहा कि लोग रोज हमें घेर रहे हैं, हमारे घरों पर आकर पूछते हैं कि सफाई का क्या होगा।

हम जनता को जवाब देते-देते परेशान हो चुके हैं। डीएम से कहा कि भाषण देने से सफाई होती हो तो हम नेता भाषण देने के लिए बहुत है। सांसद ने रामपुरी की जलभराव की समस्या मंत्री के सामने रखी और कहा कि बड़ी संख्या में रामपुरी के लोग यहां आए हैं और वास्तव में परेशान है। इस पर मंत्री ने एक सप्ताह में डीएम को समस्या का निस्तारण करने के निर्देश दिए।  
विज्ञापन


मंत्री के आने पर ही क्यों हो सफाई: विक्रम
मुजफ्फरनगर। खतौली विधायक विक्रम सैनी ने कहा कि बहुत दिनों बाद शहर में सफाई दिखाई दी। मंत्री के आने पर ही सफाई क्यों हुई, यह सफाई रोज क्यों नहीं होती। उन्होंने अपने अंदाज में कहा कि मंच पर मातृ शक्ति का सम्मान नहीं हो रहा, मंच पर भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष को जगह नहीं मिली, वह अपनी कुर्सी उनके लिए छोड़ रहे हैं।  

छह माह से नहीं मिला वेतन: प्रमोद
मुजफ्फरनगर। पुरकाजी विधायक प्रमोद उंटवाल ने शहर में सफाई न होने के लिए बहुत सी चीजों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों को यहां छह माह से वेतन नहीं मिला है, ऐसे में कैसे काम होगा। नगर विकास मंत्री को इस ओर भी सोचना चाहिए।  

तालमेल का अभाव: उमेश मलिक
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना विधायक उमेश मलिक ने शहर में सफाई व्यवस्था ठीक से नहीं होने पर जन प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच तालमेल का अभाव बताया। कहा कि शहर को साफ सुथरा रखने के लिए इनके बीच तालमेल जरूरी है।  

कपिलदेव ने रखी कई मांगे
मुजफ्फरनगर। शहर विधायक कपिलदेव अग्रवाल ने शहर के विकास को लेकर मंत्री के समक्ष अनेक मांग रखी। उन्होंने शहर के कई नालों को बनवाने, रामपुरी, जनकपुरी की समस्या, कूकड़ा की समस्या के निराकरण के साथ शहर को नगर निगम में तब्दील करने की डिमांड रखी।  

जब जवाब देने को चेयरपर्सन खड़ी हुई
मुजफ्फरनगर। भाजपा नेताओं के हमलों से परेशान चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल ने संचालक बलजीत सिंह से माइक मांगा। नगर विकास मंत्री के बोलने के लिए खड़ा होने के कारण उन्हें माइक नहीं मिल पाया। चेयरपर्सन का कहना है कि शहर में विकास और सफाई में उनका सहयोग नहीं किया जा रहा है। 

मंत्री के सामने छलका सफाई कर्मचारियों का दर्द       
प्रदेश के नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना के सामने नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों का दर्द फूट पड़ा। उन्होंने वेतन और देयकों के भुगतान के अलावा आउटसोर्सिंग पर कार्यरत कर्मचारियों को समायोजित करने की मांग की। रविवार को टाउनहाल के मैदान में कार्यक्रम के दौरान नगर विकास मंत्री खन्ना को सफाई कर्मचारी संघ नगर पालिका परिषद के पदाधिकारियों ने ज्ञापन दिया। ज्ञापन में पदाधिकारियों ने अवगत कराया कि शहर में आबादी के हिसाब से सफाई कर्मचारियों की संख्या बेहद कम है।

शासन वेतन की जरूरत से भी 20-25 लाख रुपये कम दे रहा है। नगर पालिका अपने स्त्रोतों से वेतन का भुगतान कर रही है। सातवें वेतन आयोग के 50 प्रतिशत एरियर का भुगतान भी नहीं किया गया। बोनस एवं महंगाई भत्ते का भी भुगतान नहीं हुआ। नगर पालिका में 1400 सफाई कर्मचारी होने चाहिए, लेकिन 750 की ही तैनाती है।

आउटसोर्सिंग पर काम कर रहे 118 सफाई कर्मचारियों को भी पांच माह का वेतन नहीं मिला है। उन्होंने संविदा कर्मचारियों को नियमित करने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में अध्यक्ष राजेश उटवाल, महामंत्री राजू वैद, मदन लाल, श्यामलाल, राजकुमार, सरोज सुधा, अमित सुधा, सूरज सुधा, काला टांक, अनूप बेनीवाल, एसएन सूरज, एसएन भोपाल, शीलू, महेंद्र पारचा, प्रेम शेरयार आदि शामिल रहे।  

सफाई व्यवस्था और जाम से मिले निजात  
मुजफ्फरनगर। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ ने नगर की सफाई व्यवस्था में सुधार और जाम से निजात दिलाने की मांग की है। नगर विकास मंत्री को दिए ज्ञापन में भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने कहा कि कालोनियों और बाजार के मध्य स्थित कूड़ा डलावघरों को हटाया जाए। बाजार से सवेरे आठ बजे से पहले कूड़ा उठाया जाए। अमृत योजना में जो सड़कें बनी, वह फिर टूट गई हैं।

बरसात के दिनों में नगर में जलभराव हो जाता है। ई-रिक्शाओं पर नियंत्रण नहीं होने से जाम लगा रहता है। रेहड़ा-पटरी वालों के लिए वेंटर जोन चिह्नित होने थे, लेकिन इन पर काम नहीं हुआ। ज्ञापन में समस्याओं का समाधान कराने की मांग की गई है। ज्ञापन देने वालों में जिला संयोजक बृजेश दीक्षित, श्रीमोहन तायल, कमलकांत शर्मा, विनीत गुप्ता, विकास जौहरी, निशांक जैन, विनोद अनेजा, अनिल नामदेव, विजय शर्मा, प्रमोद पाल, शुभम गोयल एवं अजय गोयल आदि शामिल रहे।  

वैश्य समाज ने किया अभिनंदन
मुजफ्फरनगर। टाउन हाल में हुए कार्यक्रम में सूबे के नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना का वैश्य समाज की ओर से अभिनंदन किया गया।  अंतरराष्ट्रीय वैश्य समाज महासम्मेलन के अध्यक्ष राहुल गोयल, नरेश गुप्ता, श्रवण गर्ग आदि ने मंत्री का अभिनंदन किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें