पीएचसी और सीएचसी में शुरू होगी ओपीडी
मुजफ्फरनगर। शासन ने प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राइवेट अस्पतालों की ओपीडी शुरू करने के निर्देश दिए हैं। कोविड-19 से बचाव करते हुए मरीजों का उपचार किया जाएगा। प्रमुख सचिव (स्वास्थ्य) अमित मोहन प्रसाद ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग को दिशा निर्देश जारी किए हैं।
कोविड-19 संक्रमण से बचाव की शर्तों के साथ ओपीडी में मरीज देखे जाएंगे। मरीज के साथ 60 साल से अधिक, गर्भवती महिलाओं व बच्चों को आने की अनुमति नहीं होगी। एक या दो चिकित्सक युक्त प्राइवेट ओपीडी सेवा आरंभ की जाएगी। रोगियों को पहले समय देकर ओपीडी का संचालन किया जाएगा, ताकि वहां भीड़ न लग सके। ओपीडी में शारीरिक दूरी व बार-बार हाथ धोने का पालन करना होगा।
प्राइवेट अस्पताल में मरीज की अलग से स्क्रीनिंग करने की व्यवस्था करनी होगी। प्राइवेट अस्पताल में मास्क, ग्लब्स व पीपीई किट पर्याप्त मात्रा में होनी चाहिए। क्लीनिक व अस्पताल के बाहर सोडियम हाइपोक्लोराइड के घोल का छिड़काव किया जाएगा। स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले व्यक्ति की थर्मामीटर से स्क्रीनिंग की जाएगी। एक रोगी के साथ एक तीमारदार ही प्रवेश कर पाएगा। स्वास्थ्य केंद्र पर आए मरीज व तीमारदार के चेहरे पर मास्क होना चाहिए। जुकाम, खांसी, बुखार और सांस लेने में परेशान वाले रोगियों को अलग कक्ष में देखा जाए। चिकित्सा परिसर में दिशा चिह्न बनाए जाएं ताकि कोविड-19 लक्षण वाले व्यक्ति अलग कक्ष पर पहुंच सकें। पंजीकरण करने वाले व्यक्ति को अनिवार्य रूप से चेरे पर मास्क लगाना होगा। अधिक मरीज वाले स्वास्थ्य केंद्र पर पंजीकरण काउंटर बढ़ाए जाएं। स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले शुगर, ब्लड प्रेशर के मरीजों को एक माह की दवा दी जाए, जिससे उन्हें बार-बार न आना पड़े। सीएमओ डा. प्रवीण चोपड़ा ने बताया कि निर्देशों का अनुपालन किया जाएगा।