आढ़त से लाखों रुपये की प्याज चोरी
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। कस्बे के कांधला रोड पर स्थित सब्जी मंडी में शुक्रवार की देर रात चोरों ने नौशाद व माजिद आदि की आढ़त का जाल काटकर लाखों रुपये के प्याज व अदरक के कट्टे चुरा लिए।
कस्बे के मोहल्ला नई बस्ती निवासी नौशाद, माजिद व साजिद आदि की कस्बे के कांधला रोड पर नई सब्जी मंडी में आढ़त है। शुक्रवार को सब्जी के थोक व्यापारी नौशाद आदि दिल्ली से आई प्याज ट्रक से उतारकर रात को करीब 10 बजे अपने घर चले गए थे। रात करीब एक बजे चोरों के गिरोह ने दुकान व गोदाम की खेत से सटी दीवार पर लगा लोहे का जाल काटकर प्रवेश किया। चोरों ने दुकान के अंदर से करीब 40-45 बोरे प्याज के, दो बोरे अदरक के व इलेक्ट्रानिक कांटा चुरा लिया। शनिवार सुबह करीब चार बजे तीनों भाई दुकान पर पहुंचे, तो आढ़त का नजारा देखकर दंग रह गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। सब्जी के थोक व्यापारी नौशाद ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। पीड़ित ने बताया कि पिछले साथ भी चोरों ने गोदाम की पिछली दीवार तोड़कर लाखों की सब्जी चुरा ली थी। इंस्पेक्टर कुशपाल सिंह ने कहा कि जल्दी ही घटना का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा।