संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर यातायात पुलिस ने मीनाक्षी चौक से सुजडु चौक तक वाहनों के लिए वनवे किया है। इस मार्ग पर दोपहिया व चौपहिया वाहनों का संचालन कराया जा रहा है। यहां बायीं तरफ कांवड़िया व दायीं तरफ वाहनों के आने-जाने की व्यवस्था बनाई है।
नगर में कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए यातायात पुलिस ने व्यवस्था बनाई है। शिव चौक से मीनाक्षी चौक तक सभी प्रकार के वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगाया है। मीनाक्षी चौक पर पुलिस तैनात की है।
मीनाक्षी चौक से सुजडु चौक तक बायीं तरफ वाली सड़क कांवड़ियां के लिए आरक्षित की गई है जबकि दायीं तरफ वाली सड़क पर दोपहिया व चौपहिया वाहनों का संचालन वनवे करा कर किया जा रहा है। मार्ग पर पुलिस तैनात है। शिव चौक पर बनाए कांवड़ कंट्रोल रूम से मार्ग की निगरानी की जा रही है। मीनाक्षी चौक व जिला अस्पताल चौराहे से शहर के यातायात को निकाला जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे ने बताया कि मेरठ रोड पर रहने वाले लोगों व मेरठ रोड पर विभिन्न कार्यों से जाने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मीनाक्षी चौक से मेरठ रोड पर वाहनों के लिए वनवे की व्यवस्था बनाई है। कांवड़ियों की सुरक्षा का भी ख्याल रखा गया है।