अमर उजाला पड़ताल :
- नगर पालिका की ओर से गंगनहर किनारे डाला जा रहा कूड़ा, दुर्गंध से लोग परेशान
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली। नगर पालिका की ओर से एक करोड़ रुपये खर्च करने के बाद भी नगर से निकलने वाले कूड़े का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। कूड़े को गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग पर डाला जा रहा है। इससे उठने वाली दुर्गंध से लोग परेशान हैं।
नगर पालिका ने करीब एक करोड़ रुपये खर्च कर गांव मुबारिकपुर में पांच बीघा भूमि में कूड़ा निस्तारण प्लांट लगाया था। हालांकि ग्रामीण लगातार प्लांट का विरोध करते चले आ रह हैं। प्लांट कुछ दिन चलने के बाद बंद हो गया। नगर से प्रतिदिन निकलने वाले करीब 25 टन कूड़े को गंगनहर पटरी पर डाला जा रहा है। इससे उठने वाली दुर्गंध से पटरी पर आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। इतना ही नहीं किसी के द्वारा कूड़े में आग लगा दी जाती है। जिससे उठ रहे धुएं से आसपास लोगों को भी परेशानी होती है। इस हालात से लोधा काॅलोनी, बालाजीपुरम के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों ने इस समस्या के समाधान की मांग की है।
ठेकेदार का भुगतान न होने पर बंद पड़ा प्लांट
नगर पालिका की ओर से प्लांट को चलाने के लिए एक ठेकेदार को ठेका दिया गया था। नगर पालिका के सफाई निरीक्षक चौधरी नेपाल सिंह ने बताया कि ठेकेदार का भुगतान न होने पर प्लांट पर करीब एक माह से कार्य बंद पड़ा है। नगर पालिका की प्रशासक एसडीएम अपूर्वा यादव ने बताया कि इस समस्या के संबंध में वह पालिका अधिकारियों से बात कर करेंगी। कूड़े की समस्या का समाधान कराया जाएगा।
क्या कहते हैं ईओ
नगर पालिका परिषद के ईओ राकेश कुमार ने बताया कि ठेकेदार कुछ भुगतान रुका हुआ है। भुगतान कराकर प्लांट को शीघ्र चालू कराया जाएगा। गंगनहर पर पड़े तमाम कूड़े को उठवा कर प्लांट पर भेजा जाएगा।