-देश-विदेश से आये श्रद्धालुओं ने अपने परिवारों के साथ मंदिर पहुंच कर मेले का आनन्द लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
मीरापुर। कस्बे के महाभारत काॅलीन श्री शीतला माता (बबरे वाली) मंदिर में लगने वाले मेले के दूसरे दिन करीब एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर प्रसाद चढ़ाया। देश-विदेश से आये श्रद्धालुओं ने अपने परिवारों के साथ मंदिर पहुंच कर मेले का आनन्द लिया और मनौती मांगीं।
विश्व विख्यात श्री शीतला माता मंदिर में शीतला सप्तमी के अवसर पर मेले के दूसरे दिन करीब एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर प्रसाद चढ़ाया। शुक्रवार सुबह 4 बजे से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। दोपहर में देश-विदेश व आसपास के देहात क्षेत्रों से भारी संख्या में श्रद्धालु भैंसा-बुग्गी, ट्रैक्टर-ट्राली, बस, ट्रक व कार आदि वाहनों में सवार होकर मंदिर पहुंचे। इसके बाद माता रानी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
इस दौरान श्रद्धालुओं के माता के जयकारों ने वातावरण को भक्तिमय बनाए रखा, अनेक श्रद्धालुओं ने अपने नवजात शिशुओं का मुंडन कराया। नवजात शिशुओं के बाल माता को अर्पित कर मनौती मांगीं। जेबकतरों ने कई श्रद्धालुओं की जेब भी काटी। व्यवस्था बनाने में मुख्य रूप से मंदिर समिति के मंत्री अनिरुद्ध शारदा, मा. चन्द्रपाल सिंह, संजय सैनी, दीपक गोयल, विकास कौशिक, नीरज शारदा, विभौर डागा आदि मौजूद रहे।