ओमकार आत्महत्या प्रकरण : मेरठ पुलिस की गुर्जर कॉलोनी में दबिश
मुजफ्फरनगर/खतौली। मेरठ के ईशानगर निवासी अधिवक्ता ओमकार सिंह आत्महत्या प्रकरण में मेरठ पुलिस टीम ने मंगलवार शाम मोहल्ला पार्श्वनाथ गुर्जर कॉलोनी में आरोपियों के घर दबिश दी। इस दौरान घर पर ताला लगा मिला। मेरठ पुलिस बैरंग लौट गई। स्थानीय पुलिस ने मेरठ पुलिस के आने की जानकारी होने से इंकार किया है।
खतौली कस्बे के पार्श्वनाथ गुर्जर कॉलोनी निवासी राजकुमार की बेटी स्वाति की शादी एक साल पूर्व मेरठ के गंगानगर थाना क्षेत्र के ईशानगर निवासी अधिवक्ता ओमकार सिंह के बेटे लवकुमार से हुई थी। दंपती के बीच विवाद के चलते स्वाति मायके में रह रही है। उसके पिता राजकुमार ने आठ जनवरी 2021 को खतौली कोतवाली में लव कुमार के साथ ही उसके अधिवक्ता पिता ओमकार सिंह समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद 11 फरवरी को फिर से राजकुमार पक्ष द्वारा लवकुमार समेत दो के खिलाफ स्वाति के अपहरण के प्रयास व तेजाब डालने के प्रयास की तहरीर दी थी, जिसमें पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। पुत्रवधू पक्ष द्वारा की जा रही इस कानूनी कार्रवाई से आहत ओमकार सिंह ने अपने घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में मृतक के बेटे दिव्येश ने हस्तिनापुर विधायक दिनेश खटीक के साथ ही खतौली निवासी राजकुमार, स्वाति व उनके परिजनों के खिलाफ गंगानगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। हाईप्रोफाइल मामले में मंगलवार शाम मेरठ पुलिस दो गाड़ियों के साथ पार्श्वनाथ गुर्जर कॉलोनी पहुंची और आरोपी राजकुमार के घर पर दबिश दी। इस दौरान घर पर ताला लगा मिला। पुलिस टीम ने आसपास के लोगों से बात की, तो पता चला कि सभी लोग तीन दिन पूर्व ही घर को ताला लगाकर अन्यत्र चले गए हैं, जिनके बारे में कोई सूचना किसी के पास नहीं है कि आखिर वे लोग कहां हैं। वहीं, इंस्पेक्टर खतौली एचएन सिंह का कहना है कि मेरठ पुलिस ने स्थानीय स्तर पर संपर्क नहीं किया है।