मंसूरपुर। मनोरोगी वृद्ध ने गांव के तालाब में कूदकर जान दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस तथा एसडीएम से परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए इंकार कर दिया। बाद में अंतिम संस्कार करने के लिए परिजन शव को ले गए।
मंसूरपुर के गांव नावला निवासी सूरजमल (70) का मानसिक स्वास्थ्य काफी दिनों से खराब चल रहा था। बृहस्पतिवार की देर रात्रि सूरजमल ने गांव के ही समीप बने तालाब में छलांग लगा दी। तालाब में डूबने से उसकी मौत हो गई। शुक्रवार की सुबह परिजनों ने उसकी तलाश की। तब किसी ग्रामीण ने बताया कि रात्रि में सूरजमल को तालाब के पास खड़ा देखा था। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा ग्रामीणों की मदद से जाल लगाकर तालाब में घंटों मशक्कत के बाद उसका शव बरामद किया। एसडीएम खतौली इंद्रकांत द्विवेदी भी मौके पर पहुंचे। मृतक के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए साफ इंकार कर दिया तथा शव का अंतिम संस्कार करने के लिए ले गए। परिजनों ने गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया।