मोरना। किशनपुर गांव के रास्ते पर पड़े बिजली के तार में करंट से झुलसकर एक बच्चे की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आक्रोश जाहिर करते हुए बिजली की जर्जर लाइन बदलवाने की मांग उठाई।
भोपा थाने के गांव किशनपुर निवासी गुलशनव्वर दूध विक्रेता है। उसका बेटा अर्शिल (चार) दादी बानो, बड़े भाई उर्जफा के साथ गांव में एक व्यक्ति के पास जा रहे थे। गांव में रास्ते पर टूटे पड़े एलटी लाइन के तार की चपेट में अर्शिल आ गया। उर्जफा ने अर्शिल को बचाने की कोशिश की, लेकिन असफल रहा।
शोर मचाकर आसपास के लोगों को मदद के लिए पुकारा। लोगों ने डंडे आदि से तार को हटाया। साथ ही बिजलीघर पर फोन करके लाइन कटवाई गई। करंट से झुलसे अर्शिल को प्राइवेट हास्पिटल में उपचार के लिए ले जाया गया। डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
बच्चे की मौत पर परिवार में कोहराम मच गया। ग्राम प्रधान साबिर, रफी, गुफरान, असद, मन्नान, जुल्ला आदि समेत काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आक्रोश जाहिर करते हुए कहा कि जर्जर लाइन नहीं बदलने जाने के कारण यह हादसा हुआ है। लोगों ने डीएम निखिल चंद्र शुक्ला से जर्जर लाइनें बदलवाने की मांग की है।