आज से शुरू होगा पोषाहार का वितरण
मुजफ्फरनगर। कोरोना महामारी के दौरान कुपोषण को दूर करने के लिए आज से जिले में पोषाहार का वितरण शुरू होगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को पोषाहार उपलब्ध कराएंगी। वितरण का रोस्टर तैयार कर लिया गया है। 24 जून तक वितरण किया जाना है।
डीएम सेल्वा कुमारी जे के निर्देश पर पोषहार वितरण बुधवार से शुरू किया जा रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी वाणी वर्मा ने बताया कि वितरण के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ख्याल रखा जाएगा। मास्क लगाकर ही पोषाहार का वितरण किया जाएगा। ग्राम प्रधान, जनप्रतिेनिधि एवं विकास पंचायत अधिकारी की देखरेख में ही पोषाहार का वितरण किया जाएगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बुधवार से घर-घर पोषाहार बांटेंगी। यह कार्यक्रम 24 जून तक चलेगा। जानसठ, पुरकाजी, बघरा और शहर में 17 से 20 जून तक पोषाहार का वितरण होगा। साथ ही सदर, चरथावल, खतौली, मोरना, बुढ़ाना और शाहपुर में 20 से 24 जून तक वितरण किया जाएगा। रविवार को पोषाहार का वितरण नहीं किया जाएगा।