श्रमिकों के बच्चे भी डॉक्टर, इंजीनियर और अफसर बन सकेंगे। जानसठ के नंगला बुजुर्ग में 400 बीघा जमीन में 70 करोड़ की लागत से बन रहे अटल आवासीय विद्यालय में श्रमिकों के बच्चे ही पढे़ंगे। बच्चों को भोजन, ड्रेस, किताब, खेल सामग्री की व्यवस्था नि:शुल्क होगी।
श्रम विभाग की ओर से नंगला बुजुर्ग में अटल आवासीय विद्यालय बनाया जा रहा है। निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग की ओर से किया जा रहा है। लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इस विद्यालय में एक हजार छात्र-छात्राओं के रहने की व्यवस्था होगी। उनके रहने-खाने से लेकर खेलने और ड्रेस की व्यवस्था श्रम विभाग करेगा। इस आवासीय विद्यालय में पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों का ही प्रवेश हो सकेगा।
यह भी पढ़ें: Meerut: रोहटा में पटाखा फैक्टरी में लगी भीषण आग, धमाकों से दहला इलाका, एक की मौत कई झुलसे
श्रमिकों के सपने होंगे सच
एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया अटल आवास योजना प्रदेश सरकार की लाभकारी योजनाओं में शामिल है। महंगी फीस के चलते सीबीएसई बोर्ड और निजी स्कूलों में श्रमिक अपने बच्चों को नहीं पढ़ा पाते हैं। इस विद्यालय में शिक्षा का स्तर बेहतर रहेगा। जवाहर नवोदय विद्यालयों की तर्ज पर इसमें भी कक्षा छह से लेकर 12 तक की पढ़ाई होगी। सभी छात्र-छात्रा विद्यालय में रहकर ही पढ़ाई कर सकेंगे। प्रधानाचार्य और शिक्षक भी विद्यालय कैंपस में ही रहेंगे। विद्यालय में शिक्षा और खेल का अच्च्छा माहौल दिया जाएगा।
कक्षा छह और नौ में होंगे प्रवेश
उत्तर प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड लखनऊ के अपर सचिव शमीम अख्तर ने बताया कि अटल आवासीय विद्यालय में प्रथम वर्ष में कक्षा छह एवं कक्षा नौ में प्रवेश होंगे। केवल पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों को ही प्रवेश दिया जाएगा।