सिखेड़ा (मुजफ्फरनगर)। थाना क्षेत्र के जौली-मिर्जा टिल्ला मार्ग स्थित वीर अब्दुल हमीद पब्लिक स्कूल में बुधवार की रात चोर घुस गए। आंख खुलने पर बुजुर्ग चौकीदार ने शोर मचाने का प्रयास किया। चोरों ने उसकी पिटाई करते हुए छत से नीचे फेंक दिया। इसमें चौकीदार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वीर अब्दुल हमीद पब्लिक स्कूल में भोपा थाना के गांव ककराला निवासी बुजुर्ग सतबीर सिंह चौकीदार है। बुधवार रात तीन बजे तीन-चार चोर स्कूल में घुस आए। जैसे ही चोर दूसरी मंजिल पर पहुंचे तो चौकीदार की आंख खुल गई। उसने शोर मचाने का प्रयास किया तो चोरों ने उसे दबोच लिया। पिटाई करते हुए उसे छत से नीचे फेंक दिया। इसमें वह गंभीर घायल हो गया। इसके बाद चोर फरार हो गए। घायल चौकीदार ने किसी तरह प्रधानाचार्य और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना पर परिजनों ने एंबुलेंस से घायल को भोपा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया था। सीओ मंडी हिमांशु गौरव का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है।