हर न्याय पंचायत पर आधार कार्ड नामांकन और अपडेशन केंद्र स्थापित करेगी श्रीट्रॉन इंडिया लिमिटेड
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। न्याय पंचायत स्तर पर भी अब स्कूली बच्चे अपना आधार कार्ड बनवा सकेंगे। श्रीट्रॉन इंडिया लिमिटेड हर न्याय पंचायत पर आधार कार्ड नामांकन और अपडेशन केंद्र स्थापित करेगी। इसमें 14 वर्ष तक के बच्चों के निशुल्क आधार कार्ड बनाए जाएंगे।
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से हर न्याय पंचायत पर स्कूली बच्चों के आधार कार्ड बनाने की सुविधा के लिए शासन से मांग की थी। इसका संज्ञान लेते हुए शासन स्तर से इसकी जिम्मेदारी श्रीट्रॉन इंडिया लिमिटेड कंपनी को दी गई है। यह कंपनी न्याय पंचायत स्तर पर आधार कार्ड नामांकन व अपडेशन केंद्र स्थापित करेगी।
बीएसए शुभम शुक्ला ने बताया कि पहले ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर ही आधार कार्ड की सुविधा थी। स्कूली बच्चों को यह बहुत दूर पड़ता था। जिले में ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर केवल 18 ही मशीनें थी। अब हर न्याय पंचायत कार्यालय पर आधार कार्ड नामांकन केंद्र स्थापित होगा। एक न्याय पंचायत के अंदर करीब 15 स्कूल है। इससे स्कूली बच्चों को पास में ही आधार कार्ड बनवाना आसान होगा। उन्होंने बताया कि स्कूली बच्चों के आधार कार्ड मुफ्त में बनाए जाएंगे। अन्य लोगों के लिए निर्धारित मूल्य रखा गया है।