- पालिका के सीमा विस्तार में 11 गांव हुए मुजफ्फरनगर शहर में शामिल
- विस्तार के बाद पालिका क्षेत्र की आबादी अब 5.60 लाख हो जाएगी
- विस्तार करने के लिए 4524 हेक्टेयर क्षेत्रफल किया शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। नगरपालिका परिषद के सीमा विस्तार में शहर से सटे 11 गांव के लोग अब शहरी जिंदगी जिएंगे। क्योंकि इन गांवों से अब ग्राम पंचायत का दर्जा समाप्त कर शहरी क्षेत्र में शामिल कर लिया गया है। ऐसे में इन गांवों में भी अब नगर पालिका मुजफ्फरनगर विकास कराएगी और जनता यहां प्रधान नहीं बल्कि सभासद का चुनाव करेगी। शहर की आबादी 3.92 लाख से बढ़कर अब 5.60 लाख हो जाएगी। सीमा विस्तार के बाद शहर में 11 गांव जहां पूरी तरह शहरी क्षेत्र में शामिल हुए हैं, वहीं चार गांवों का आंशिक क्षेत्र शामिल हुआ है, ऐसे में 4524 हेक्टेयर क्षेत्रफल बढ़ेगा।
प्रशासन के सामने छह आपत्तियां दर्ज कराई गई थी, जिनका निस्तारण कर दिया गया। 11 संपूर्ण और चार गांवों का कुछ रकबा शहर में शामिल किया गया है। 2011 की जनगणना के अनुसार नगरीय क्षेत्र की 3.92 लाख की आबादी सीमा विस्तार के बाद करीब 5.60 लाख हो जाएगी। जिले में इससे पहले जानसठ और खतौली का सीमा विस्तार हो चुका है। एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि सीमा विस्तार को लेकर आपत्तियां मांगी गई थी जिसमें छह आपत्ति आई थी, उन सबका शासन ने निस्तारण कर दिया है।
पालिका में 4524 हेक्टेयर क्षेत्रफल बढ़ेगा
अधिसूचना के अनुसार सूजडू के कुल 2410 खसरा नंबर को शामिल करते हुए सर्वाधिक 742.822 हेक्टेयर क्षेत्रफल शहरी सीमा में शामिल किए जाने का प्रस्ताव भेजा गया था। सरवट के कुल 1257 खसरा नंबर को मिलाकर 513.4668 हेक्टेयर, कूकड़ा के 502 गाटा संख्या के तहत 469.833 हेक्टेयर, वहलना के 1373 खसरा नंबरों के 436.100 हेक्टेयर और शाहबुदीनपुर के 635 गाटा संख्या को मिलाकर कुल 348.950 हेक्टेयर क्षेत्रफल शहरी सीमा में शामिल करने का प्रस्ताव भेजा गया था। बिलासपुर के 45 खसरा नंबर के तहत 27.462 हेक्टेयर, अलमासपुर के 245 खसरा नंबरों से 106.572 हेक्टेयर, शेरनगर के 185 गाटा संख्या के तहत 118.0330 हेक्टेयर, बीबीपुर के 326 गाटा संख्या के तहत 172.1570 हेक्टेयर और सहावली के 266 गाटा संख्या के तहत कुल 171.211 हेक्टेयर क्षेत्रफल को शहरी सीमा के अन्दर लाने का प्रस्ताव प्रशासन ने भेजा था।
हमने पहली सफलता पा ली है : कपिल देव
फोटो
कौशल विकास राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हमारी मांग को स्वीकार कर लिया है। शासन ने फिलहाल सीमा विस्तार को स्वीकृति दी है। इसके बाद हम नगर निगम का प्रयास करेंगे।
विकास की गति बढे़गी : अंजू अग्रवाल
फोटो
सरकार के इस निर्णय से शहर से सटे उन क्षेत्रों का विकास आसानी से हो पाएगा जो गांव में होने के कारण मुख्य धारा में नहीं थे। विस्तार में कुछ अन्य गांव भी शामिल किए जा सकते थे।
ये गांव पूरी तरह शामिल हुए
नगर पालिका सीमा विस्तार में वहलना, सूजडू, मीरापुर, मंधेडा, खांजापुर, शहाबुद्दीनपुर, सरवट, कूकडा, अलमासपुर, बीबीपुर, सहावली को आबादी सहित पूरी तरह शामिल किया गया है।
इन गांव से लिया गया रकबा
विस्तार में बिलासपुर, मुस्तफाबाद और शेरनगर का रकबा शामिल किया गया है। इन ग्राम पंचायतों का अस्तित्व बना रहेगा।