- भोपा क्षेत्र में गंगनहर पटरी पर कार में जिंदा जल गया था युवक
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
रतनपुरी। गांव बड़सू में नीशू के शव का परिजनों और ग्रामीणों ने गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया। नीशू की मौत से परिजनों में गम का माहौल है।
गांव बड़सू निवासी नीशू पुत्र चंद्रपाल अपनी पत्नी प्रीति तथा बेटे अर्थ के साथ गांव के ही रमन पुत्र हुक्म सिंह की कार में सवार होकर मंगलौर क्षेत्र में अपनी साली के यहां गया था। मंगलवार की शाम को घर लौटते समय भोपा क्षेत्र में गंगनहर पटरी पर इनकी कार हादसे का शिकार हो गई थी। उनकी कार में आग लग गई थी। कार चालक रमन, नीशू की पत्नी प्रीति व उनका बेटा अर्थ किसी तरह कार से बाहर निकल आए थे, लेकिन तीनों ही झुलस गए थे। नीशू कार में फंस गया था और आग में जलने के कारण नीशू की मौत हो गई थी।
मृतक नीशू का शव बुधवार शाम को गांव में लाया गया। नीशू के शव को देखकर मां राजकुमारी तथा उसकी बहनों का रो-रोकर बुरा हाल था। इसके बाद परिजनों व ग्रामीणों ने गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस दौरान काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
परिजनों ने ली हादसे की जानकारी
बुधवार सुबह बड़सू के दर्जनों ग्रामीण मृतक के चाचा राजवीर सिंह, अशोक कुमार, प्रधान प्रतिनिधि अक्षय कटारिया, लोकेंद्र कुमार, राजेंद्र, राहुल, पंकज आदि ट्रैक्टर ट्राली में सवार होकर भोपा थाने पहुंचे और पुलिस से घटना के बारे में जानकारी की। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि इस संबंध में अभी कोई प्रार्थना पत्र उन्हें नहीं मिला है। मृतक की पत्नी प्रीति और चालक रमन की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
प्रीति ने पति को बचाने का किया था प्रयास
प्रीति कार की पिछली सीट पर बैठी हुई थी। जैसे तैसे कर वह कार से खुद और अपने बेटे को लेकर बाहर निकली। पति को आग में जलते देख पति को बचाने का प्रयास करने लगी जिसमें वह और भी झुलस गई थी। इसके बाद राहगीरों ने प्रीति को कार से दूर कर दिया था।