राजकीय कालेज के मैदान में मंचासीन स्थानीय सर्वदलीय नेता।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
खाप चौधरियों को न मंच मिला न माइक
मुजफ्फरनगर। रालोद की लोकतंत्र बचाओ रैली में खाप चौधरियों ने भी समर्थन दिया था। रैली में बड़ी बात यह रही कि चौधरियों को मंच और माइक दोनो में से कुछ नहीं मिल पाया। बालियान खाप के चौधरी नरेश टिकैत काफी देर तक मंच पर बैठे रहेे। सपा के धर्मेंद्र यादव के साथ भीड़ के मंच पर चढ़ने के साथ ही उन्हें मंच छोड़ना पड़ा और नीचे आकर बैठ गए। बत्तीसा खाप के चौधरी सूरजमल भीड़ में अचेत हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यह पहला मौका था जब किसी रैली में खाप चौधरियों को समर्थन देने के बाद बोलने का मौका नहीं मिला। रैली को खाप चौधरी बालियान खाप के नरेश टिकैत, देशखाप के सुरेंद्र सिंह, बत्तीसा खाप के सूरजमल, लाटियान खाप के रामपाल और वीरेंद्र सिंह, गठवाला खाप के श्याम सिंह, लाख के थांबेदार रविंद्र सिंह ने रालोद की रैली को समर्थन दिया था। ये सब लोग रैली में पहुंचे भी थे और किसी तरह मंच तक पहुंच गए। हद तो तब हो गई, जब किसी भी खाप चौधरी को बोलने का मौका नहीं मिला। इस बीच भीड़ में बत्तीसा खाप के चौधरी सूरजमल अचेत हो गए। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ देर बाद उन्हें होश आया। इसके चलते नरेश टिकैत और अन्य चौधरी भी बीच में ही चले गए। क्योंकि बोलने का नंबर बड़े नेताओं का शुरू हो चुका था और उनकी उम्मीद खत्म हो चुकी थी। इससे खाप चौधरियों में थोड़ी नाराजगी भी दिखाई दी।