किसानों और अधिकारियों के बीच वार्ता, नहीं बनी सहमति
सहारनपुर, देवबंद। किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर एक्सईएन कार्यालय में चल रहा भाकियू (तोमर) का धरना प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी रहा। बृहस्पतिवार की शाम एसडीएम संजीव कुमार व एक्सईएन सुधाकर ने धरनास्थल पर पहुंचकर यूनियन नेताओं से वार्ता कर उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिलाया। किसान नेताओं ने कहा कि समस्याओं का समाधान होने तक वे धरनास्थल से नहीं उठेंगे।
भाकियू तोमर के मंडल अध्यक्ष चौधरी विरेंद्र सिंह ओहलान ने धरनास्थल पर पहुंचे अधिकारियों से विद्युत विभाग द्वारा गांवों मारे जा रहे छापों की कार्रवाई को तुरंत बंद कराने, संपूर्ण बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान होने तक किसी भी किसान का विद्युत कनेक्शन न काटने की मांग की। इसके अलावा ट्यूबवेलों पर लगे कैपेसटर चार्ज हटाने, पावर कनेक्शन पर किसान की मर्जी के बगैर विद्युत मीटर न लगाने, आबादी क्षेत्र से गुजर रही एचटी लाइन को तुरंत हटाने, गांव में ट्यूबवेलों पर समान बिजली आपूर्ति देने और विद्युत बिलों की गई गड़बड़ी को तुरंत दुरुस्त कराने की मांग की।
अध्यक्षता राकेश त्यागी व संचालन नारायण सिंह ने किया। इस मौके पर ब्लाक अध्यक्ष जितेंद्र कुमार, लहरी सिंह, विपिन कुमार, हुकुम सिंह, चंद्रपाल, अनिल कुमार, सुशील कुमार, रणबीर सिंह, प्रेम कुमार, हंस कुमार, संजय, असलम, प्रविंद्र, आशीष चौधरी, कलीम अहमद व विकास चौधरी आदि रहे।