बिजनौर। जिले के देहात क्षेत्र में लोगों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए केंद्र खुले हुए हैं। स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों पर सीएचओ की तैनाती की गई है। मगर लगातार सीएचओ कार्य में लापरवाही बरत रहे हैं। इसके चलते अब स्वास्थ्य विभाग 35 सीएचओ पर कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है।
बिजनौर में 429 स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र हैं। इनमें से 329 केंद्रों पर ही सीएचओ (सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी) तैनात हैं। इस समय देहात क्षेत्र तक पहुंचने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की निगरानी रखी जा रही है। ऐसे में सीएचओ की कार्य में लापरवाही लगातार सामने आ रही है। नोडल आरसीएच डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि कार्य में कम उपलब्धि होने पर 13 सीएचओ का वेतन रोका जाएगा। साथ ही 22 सीएचओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्णय लिया है। इससे पहले भी कार्य में लापरवाही बरतने पर 18 सीएचओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा चुका है। नोडल आरसीएच डॉ. सुशील कुमार के अनुसार शासन स्तर से टेलीमेडिसिन सहित कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। इनमें सीएचओ काम कर रहे हैं। मगर कुछ सीएचओ की लापरवाही के चलते उनके क्षेत्र में उपलब्धता कम है। इसी को लेकर उन पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कार्य में लापरवाही बरतने पर जवाब भी मांगा जाएगा।