नगर पंचायत चुनाव में वोट डालने के लिए मशहूर फिल्म अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी घंटों तक लाइन में लगे रहे। नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए उनकी भाभी सबा सिद्दीकी सपा के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। मुंबई के ग्लैमर से दूर नवाज अपने पैतृक कसबे में आम आदमी के अंदाज में ही दिखाई दिए।
फिल्म अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी नगर निकाय के चुनाव में अपने छोटे भाई फैजुद्दीन सिद्दीकी की पत्नी सबा सिद्दीकी के पक्ष में मुंबई से चुनाव प्रचार करने और वोट डालने के लिए आए। रविवार सुबह कस्बे के नार्मल स्कूल के बूथ नंबर चार पर वोट डालने पहुंचे, तो उनके समर्थकों की भीड़ लग गई। पुलिस की व्यवस्था के बीच नवाजुद्दीन सिद्दीकी भी आम मतदाता के साथ लाइन में लग गए।
ड्यूटी पर तैनात पुलिस प्रशासन के अफसरों ने नवाज को अपना वोट बिना लाइन के आकर डालने के लिए आग्रह किया। हालांकि नवाजुद्दीन ने अफसरों से अपना नंबर आने पर ही वोट डालने की इच्छा जताई। बुढ़ाना से मुंबई तक के सफर में फिल्म इंडस्ट्री में अभिनेता और खलनायक के रूप में अपनी अभिनय सें नई ऊंचाइयां छूने वाले नवाजुद्दीन ने नगर पंचायत चुनाव में जमकर प्रचार किया था।
अपनी भाभी सपा प्रत्याशी सबा सिद्दीकी के समर्थन में वह हेलीकाप्टर से नगर में आए और जनसभा की थी। बाद में रोड शो के जरिये उन्होंने मतदाताओं से वोट देने की अपील की थी। आम आदमी के अंदाज में गली-मोहल्ले के लोगों से बात करते हुए सिद्दीकी ने घंटों लाइन में लगकर वोट डालने का लुत्फ उठाया।
फिल्मी पर्दे की चमक दमक आम जिंदगी में नहीं लुभाती : नवाजुद्दीन
सिने अभिनेता नवाजुद्दीन ने अमर उजाला से बातचीत में कहा कि बुढ़ाना उनका घर है। पहनने और खाने-पीने का उन्हें कोई विशेष शौक नहीं है। फिल्मी पर्दे की चमक-दमक आम जिंदगी में नहीं लुभाती है। शरीर की चुस्ती-फुर्ती के लिए वह मोटापा बढ़ाने वाले फूड्स खाने से बचते हैं। अभिनय करना अपना कैरियर है, लेकिन जब भी कसबे में आते हैं, तो आम आदमी की तरह घुल-मिलकर रहना उन्हें पसंद है। प्रत्याशी की हार-जीत के सवाल पर नवाज ने कहा कि चेयरमैन का फैसला मतदाता करेंगे।
उनकी इच्छा सबा सिद्दीकी को जिताने की है। सबा शिक्षित महिला हैं और महिलाओं के दुख-दर्द को समझती हैं। कसबे के विकास और युवाओं के लिए कुछ करने की प्रत्याशी में इच्छा है। चुनाव प्रचार में जनता से जो प्यार मिला, उसे वह कभी नहीं भुला पाएंगे। फिल्मों की व्यस्तता के बावजूद बुढ़ाना आने में उन्हें फक्र होता है। सिद्दीकी ने बताया कि कसबे में दूसरी बार उन्होंने वोट डाला है। इससे पहले वर्ष 1988 में नगर पंचायत चुनाव में अपने मत का प्रयोग किया था। जल्द ही दर्शक उन्हें फिल्म फोटोग्राफर में देखेंगे।