जानसठ में साफ सफाई की व्यवस्था का निरीक्षण करतीं नोडल अधिकारी।
- फोटो : KHATAULI
जानसठ। लॉकडाउन के अंतर्गत शासन से नामित नोडल अधिकारी एवं मेरठ की मंडलायुक्त अनीता सी मेश्राम ने कस्बे में पहुंचकर साफ सफाई का निरीक्षण किया। तालाब व नालों में गंदगी को देखकर नोडल अधिकारी भड़क उठीं। उन्होंने नगर पंचायत ईओ को हड़काया। नोडल अधिकारी के जाते ही ईओ ने आनन-फानन में सफाई कर्मचारियों को साथ लेक साफ सफाई का अभियान चलाया।
मुजफ्फरनगर में नामित नोडल अधिकारी अनीता सी मेश्राम ने जनपद की डीएम सेल्वा कुमारी जे के साथ कस्बे की साफ सफाई का निरीक्षण के लिए पहुंचीं। इस दौरान नोडल अधिकारी ने मेन रास्तों पर दोनों किनारे बनी दुकानों के नालों में गंदगी और तालाब की गंदगी के हालात देखकर भड़क गईं। उन्होंने इस मौके पर मौजूद ईओ विनोद कुमार शुक्ला से तालाब की साफ सफाई के बारे में पूछते हुए कहा कि यह तालाब है या डंपिंग ग्राउंड है। उन्होंने तालाब की साफ सफाई के दिशा निर्देश दिए। डीएम सेल्वा कुमारी जे ने ईओ को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए सफाई व्यवस्था की रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए। नोडल अधिकारी के जाने के तुरंत बाद ही ईओ ने नगर पंचायत सफाई कर्मियों को लेकर विशेष रुप से स्वच्छता सफाई अभियान चलाया और नालों एवं तालाब की साफ-सफाई का कार्य देर रात्रि तक चलता रहा।