नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के अलमासपुर में टावर वाली गली में एक मकान में चल रहे देह व्यापार का धंधा पकड़ा गया। पुलिस ने मकान मालकिन सहित चार महिलाएं व चार युवकों को गिरफ्तार किया है। मुकदमा दर्ज कर सभी का चालान कर दिया गया।
सीओ नई मंडी हेमंत कुमार ने बताया कि अलमासपुर स्थित एक मकान में देह व्यापार का धंधा चलने की काफी दिनों से सूचना मिल रही थी। पुख्ता जानकारी जुटाने के लिए खुफिया तंत्र को लगाया गया था। शुक्रवार को सूचना की पुष्टि हो गई। इसके बाद एसडीएम सदर परमानंद झा व उन्होंने नई मंडी कोतवाली प्रभारी बबलू कुमार व एएचटीयू टीम प्रभारी डीएम सिंधू के साथ अलमासपुर में टावर वाली गली में एक मकान में छापेमारी की तो वहां से चार महिलाओं और चार युवकों को पकड़ा गया।
सभी को कोतवाली ले जाया गया। सीओ ने बताया कि आरोपी युवक शेर नगर निवासी अंकित, रहमतनगर भोपा निवासी धर्मेंद्र, बिलासपुर निवासी रमन व दिवाकर है। गिरफ्तार महिलाओं में मकान मालकिन भी शामिल है। पुलिस को मौके से तीन मोबाइल और 32 सौ रुपये भी मिले हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया।