बुढ़ाना में लोई गांव के पास हाइवे पर हुई फिसलन में गिरा बाइक सवार।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
कीचड़ में फिसल रहे वाहन, लोग हो रहे घायल
बुढ़ाना। हाईवे पर लोई गांव के पास डंपर से गिरने वाली मिट्टी बारिश के चलतेे कीचड़ में तब्दील हो गई। कीचड़ के चलते वाहन फिसलने से लोग घायल हो रहे हैं। अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
मेरठ-करनाल हाईवे पर सड़क किनारे गहरी जमीन को भरने का क्रम जारी है। पिछले करीब 15-20 दिन से ठेकेदार लोई गांव के तालाब को खुदवाकर उससे निकलने वाले मिट्टी को डंपर द्वारा सड़क किनारे गहरी जमीन को भरवा रहा है। सोमवार को हुई बारिश से कीचड़ हो गई। इससे हाइवे पर हुई फिसलन के चलते दुपहिया वाहन चालक हादसे का शिकार हो रहे है। सोमवार को सुबह से ही दुपहिया वाहन चालक गिरकर जख्मी होते रहे। ग्रामीण राहुल कुमार व कपिल आदि ने बताया कि उनके खेत के पास हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने इस संबंध में भराव करने वाले ठेकेदार व लोई के ग्राम प्रधान को घटना की सूचना दी है। फुगाना पुलिस को भी गांव वालों ने हाईवे पर हो रही घटनाओं से अवगत कराया है। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस प्रशासन व ठेकेदार ने अभी तक सड़क पर हुई कीचड़ को साफ नही करवाया है।