शहर कोतवाली पुलिस ने बिहार से जुड़े गांजा तस्करी के धंधे का खुलासा किया है। कार में आठ लाख 37 हजार कीमत का 55 किलो 800 ग्राम गांजा लेकर जा रहे तीन तस्करों को पकड़ा गया। यह गांजा बिहार से मंगाया था।
एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता कर बताया कि बृहस्पतिवार रात शहर कोतवाली पुलिस चरथावल-न्याजूपुरा रोड पर चेकिंग कर रही थी। गुडलक बैंक्वेट हॉल के पास से एक कार को चरथावल की तरफ से आते समय रोकना चाहा तो कार सवार भागने लगे। पीछा कर उन्हें पकड़ा गया। मेरठ के थाना जानी के गांव पावटी निवासी सचिन उर्फ बिट्टू व मंसूरपुर थाने के गांव लच्छेछा निवासी राहुल व गजेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में कार की डिक्की में तीन प्लास्टिक के बोरों में 55 किलो 800 ग्राम गांजा व तीनों से 12560 रुपये बरामद हुए। गांजे की बाजार में कीमत आठ लाख 37 हजार रुपये है। तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। सचिन व राहुल के खिलाफ मेरठ, मुजफ्फरनगर के विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं।
बिहार से बसों और ट्रेनों में लाया जाता था गांजा
एसपी सिटी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों युवकों के तार बिहार के गांजा तस्कर गिरोह से जुड़े हैं। ये बिहार निवासी एक व्यक्ति से मोबाइल पर बात कर गांजा मंगाते थे। तस्कर का एक आदमी इन तीनों को गांजा उपलब्ध कराता था। बिहार से गांजे के छोटे पैकेट बनाकर बस व ट्रेन में लाए जाते थे। यहां फुटकर में बेचा जाता था। जेल में बंद रहने के दौरान आरोपी संपर्क में आए।