मुजफ्फरनगर प्रीमियर लीग सीजन-2 के ऑक्शन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। लीग के लिए 189 खिलाड़ियों की सूची तैयार की गई। 12 टीमों में 132 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इंडिया अंडर-19 टीम में दमखम दिखा चुके मोहम्मद अमान भी इस बार खेलते हुए नजर आएंगे।
पिछले दिनों चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुए ट्रायल में मुजफ्फरनगर के 164, सहारनपुर से 35, शामली से 62 और मेरठ से 23 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। एमपीएल के सचिव मनोज पुंडीर ने बताया कि इस सीजन में कुल 12 टीमें भाग ले रही हैं और लीग के दौरान 33 मुकाबले खेले जाएंगे।
आयोजन कमेटी ने ट्रायल के बाद खिलाड़ियों की सूची तैयार कर ली है। दूसरे सीजन को और अधिक धमाकेदार बनाने की योजना है। जूनियर टीमों के अलावा बोर्ड ट्रॉफी में हिस्सा ले चुके खिलाड़ी दमखम दिखाते नजर आएंगे। इस बार रणजी ट्रॉफी और आईपीएल के खिलाड़ियों के भी हिस्सा लेने की संभावना है। टीम मैनेजमेंट खिलाड़ियों से संपर्क कर रही हैं। एमपीएल के अध्यक्ष भूपेंद्र यादव, उपाध्यक्ष कुशल पाल सिंह एवं अरविंद भारद्वाज, कोषाध्यक्ष संजय शर्मा ने बताया कि जल्द ही ऑक्शन की तिथि घोषित कर दी जाएगी।