मुजफ्फरनगर में एसएसपी विनीत जायसवाल ने भोपा थाने के तीन दीवान व एक सिपाही को अवैध वसूली के आरोप में निलंबित किया है। चारों आरोपी भोपा थानाध्यक्ष की गाड़ी के हमराह हैं। एसएसपी ने सभी आरोपियों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू करा दी है।
बताया गया कि उत्तराखंड से रोजाना बालू और डस्ट से लदे ट्रक व डंपर भोपा क्षेत्र से होकर विभिन्न स्थानों के लिए जाते हैं। इनसे अवैध वसूली की शिकायत पुलिस अधिकारियों से की जा रही थी। एसएसपी विनीत जायसवाल द्वारा गोपनीय जांच कराई जा रही थी। थाना भोपा प्रभारी की सरकारी गाड़ी में चलने वाले हमराह में पुलिसकर्मी दीवान नितिन शर्मा, सचिन अत्री, श्यामू यादव, सिपाही साबिर की ड्यूटी थी। दीवान नितिन शर्मा की दिन और अन्य तीनों पुलिसकर्मियों की रात में ड्यूटी थी।
थाना भोपा की सरकारी गाड़ी की उपलब्धता होने के बावजूद आरोपी पुलिसकर्मी प्राइवेट वाहन से सुबह के समय उत्तराखंड से आने वाले वाहनों को रोकने के लिए मजलिसपुर तौफिर मुजफ्फरनगर व उत्तराखंड की सीमा पर जा पहुंचे। आरोप है कि वहां पर रोड़ी-डस्ट से लदे डंपरों से अवैध वसूली का प्रयास किया जाने लगा। वहीं इसकी शिकायत एसएसपी विनीत जायसवाल से की गई।
यह भी पढ़ें: Saharanpur News: पैसा हड़पने के मामले में खनन माफिया हाजी इकबाल की संपत्ति कुर्क, भारी पुलिस बल रहा मौजूद
इस मामले में एसएसपी ने तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए, जिसमें चारों पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। एसएसपी ने चारों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। उधर, चारों पुलिसकर्मियों के इस करतूत को लेकर थाना प्रभारी की कार्यप्रणाली पर भी सवालियां प्रश्न उठ रहे हैं। एसएसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि अवैध वसूली के मामले में चारों पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है।
यह भी पढ़ें: Meerut News Live: छाया रहा घना कोहरा, सर्दी से नहीं राहत, दिल्ली रोड पर सड़क धंसने से मचा हड़कंप