तीन साल के लिए 17.39 करोड़ में सफाई का ठेका
पालिका सभागार में हुई बोर्ड बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया। पालिका की ओर से शहरी सफाई का ठेका तीन वर्ष के लिए 17.39 करोड़ रुपये में जेएस एनवायरो कंपनी को दिया गया है। बोर्ड ने इस प्रस्ताव पर स्वीकृति की मुहर लगा दी।
इसके अलावा शहर के सभी 55 वार्डों में सड़क निर्माण, पथ प्रकाश व्यवस्था को बेहतर करने और निगरानी कैमरे लगाने के प्रस्ताव भी पास किए गए। शहर के दो नालों के गंदे पानी को जैविक शोधन तकनीक के माध्यम से साफ करने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया।
600 से अधिक नामांतरण फाइलों की होगी समीक्षा
बोर्ड बैठक में 600 से अधिक मकानों के नामांतरण से जुड़े प्रस्तावों पर सभासदों ने आपत्ति जताई। इसके बाद इन फाइलों की समीक्षा के लिए सात सदस्यीय समिति गठित करने का निर्णय लिया गया।
समिति में सभासद राजीव शर्मा, मोहम्मद खालिद, रजत धीमान, मनोज वर्मा, पारुल मित्तल सहित अन्य सदस्य शामिल होंगे। समिति की समीक्षा के बाद नामांतरण से जुड़े प्रस्तावों पर आगे निर्णय लिया जाएगा।
राणा चौक का नाम बदलने की मांग
बैठक में राणा चौक का नाम बदलकर महाराणा प्रताप चौक करने की मांग भी उठी। अधिशासी अधिकारी पवन कुमार ने कहा कि प्रस्ताव पर विचार करने के बाद इसे शासन को भेजा जाएगा।
वार्ड 49 के सभासद मनोज वर्मा ने काली नदी पर महाराजा अजमीढ़ स्मारक के सुंदरीकरण का प्रस्ताव भी रखा।
बैठक में कुर्सी न मिलने पर सभासद नाराज
बोर्ड बैठक के दौरान सभासद रजत धीमान और पारुल मित्तल के लिए कुर्सी की व्यवस्था नहीं होने पर नाराजगी जताई गई। पारुल मित्तल के सदन में पहुंचने के बाद प्रियांक गुप्ता ने अपनी कुर्सी उन्हें दे दी। वहीं रजत धीमान ने कुर्सी नहीं मिलने पर नाराजगी जताई।