- मार्च माह में विधायक निधि से हो रहे पांच करोड़ के कार्य
- एमएलसी ने भी समस्त बचे पैसे के प्रस्ताव भेजे
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। आचार संहिता लगने से पहले ही विधायकों ने निधि को खर्च कर दिया है। मार्च माह में विधायकों के पांच करोड़ से अधिक के कार्य पूरे होंगे। एमएलसी वंदना वर्मा ने भी समस्त पैसा खर्च कर दिया है। जिले के सभी छह विधायकों को 2023-24 में पांच-पांच करोड़ की विधायक निधि मिली है।
दिसंबर के बाद सभी विधायकों का 20 से 25 प्रतिशत बजट बचा था। 31 मार्च से पहले ही पैसा खर्च होता है। इस बार मार्च के दूसरे सप्ताह में आचार संहिता लगने की संभावना है। सभी विधायकों ने समस्त निधि के प्रस्ताव भेज दिए हैं। मार्च के पहले सप्ताह तक विधायकों ने निधि को खाली कर दिया है। शहर विधायक प्रदेश के राज्य मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने अपनी पांच करोड़ की विधायक निधि से सीसी रोड, इंटरलॉकिंग आदि के 90 कार्य कराए हैं। ये जनवरी से पहले ही अपनी निधि का अधिकतम कार्य करा चुके थे। फरवरी माह में निधि में बचे 15 लाख से चार कार्य स्वीकृत हुए है। अब निधि का समस्त पैसा खर्च हो चुका है।
पुरकाजी विधायक और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने अपनी विधायक निधि से 63 कार्य कराए हैं। इनमें सीसी रोड, इंटरलाकिंग, बारातघर आदि के कार्य हैं। फरवरी माह में इन्होंने निधि में बचे 45 लाख के 10 प्रस्ताव भेज दिए हैं। इनकी निधि का पैसा भी खत्म हो गया है। इसी तरह खतौली के रालोद विधायक मदन भैया 96 कार्य कराए हैं। उन्होंने फरवरी माह में निधि में बचे 40 लाख के 11 प्रस्ताव स्वीकृत कराए। बुढ़ाना विधायक राजपाल बालियान ने अपनी पांच करोड़ की निधि में 71 कार्य कराए हैं, इनमें दो कार्य फरवरी में स्वीकृत हुए है। मीरापुर विधायक चंदन चौहान ने विधायक निधि से 66 कार्य कराए हैं। फरवरी माह में केवल एक कार्य हुआ है। समस्त निधि खर्च हो गई है। तरह चरथावल विधायक पंकज मलिक ने अपनी निधि से 76 कार्य कराए हैं। इन्होंने समस्त प्रस्ताव जनवरी तक भेज दिए थे।
वंदना वर्मा को मिले आठ करोड़
विधान परिषद सदस्य वंदना वर्मा को 2023-24 में निधि के रूप में आठ करोड़ मिले हैं। उन्होंने अपने समस्त पैसे के प्रस्ताव भेज दिए हैं। उन्होंने 50 प्रतिशत पैसा मुजफ्फरनगर और बाकी सहारनपुर एवं शामली में खर्च किया है।
मार्च में होंगे पांच करोड़ के कार्य
परियोजना निदेशक राजीव वर्मा ने बताया कि 31 मार्च और आचार संहिता को देखते हुए सभी विधायकों ने अपनी निधि के प्रस्ताव भेज दिए हैं। फरवरी माह में जो प्रस्ताव आए हैं, उनके अनुसार विधायक निधि से जिले में लगभग पांच करोड़ के कार्य मार्च माह में हो रहे हैं। विधायक निधि का किसी भी विधायक का पैसा शेष नहीं है।