टोल प्लाजा पर धरना देते पूर्व मंत्री और विधायक व कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
मुझेड़ा टोल प्लाजा के दायरे को लेकर हंगामा जारी है। मीरापुर की रालोद विधायक मिथलेश पाल और पूर्व मंत्री योगराज सिंह ने क्षेत्र के 20 किमी के दायरे को फ्री कराने के लिए टोल पर पांच घंटे धरना दिया। क्षेत्र के युवाओं को नौकरी पर नहीं रखे जाने पर नाराजगी जताई। एनएचएआई के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शुकतीर्थ दौरे के बाद डीएम की मौजूदगी में बैठक कर निर्णय लिया जाएगा।
धरना देते पूर्व मंत्री, विधायक और कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
पानीपत-खटीमा हाईवे के तीसरे चरण पर शुरू किए गए टोल पर आए दिन हंगामा हो रहा है। मंगलवार को विधायक और पूर्व मंत्री अपने समर्थकों के साथ करीब 12 बजे टोल पर पहुंचे और धरना देकर बैठ गए। इस दौरान टोलकर्मियों ने मनाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने।
रालोद नेताओं का कहना था कि क्षेत्र के लोगों के लिए टोल परेशानी का सबब बन रहा है। टोल से 500 मीटर की दूरी वाले गांव के लोगों से भी वसूली की जा रही है। कम से कम 20 किमी के दायरे वाले लोगों को फ्री किया जाना चाहिए।
मेरठ से एनएचएआई के अधिकारी और जानसठ तहसील से प्रशासन के अधिकारी पहुंचे। तय किया गया कि सीएम के दौरे के बाद बैठक होगी। तय किया जाएगा कितने दायरे को टोल फ्री किया जाएगा। पांच घंटे धरने के बाद रालोद नेता समर्थकों के साथ वापस लौट गए।
ये भी उठाई मांग
स्थानीय युवाओं को टोल प्लाजा पर नौकरी नहीं दिए जाने की शिकायत पर मीरापुर विधायक मिथलेश पाल व पूर्व मंत्री योगराज सिंह ने टोल प्लाजा पर पहुंचकर उठाई। रामराज, मुझेड़ा, संभलहेड़ा, सालारपुर के ग्रामीण भी पहुंच गए। आरोप लगाया कि टोलकर्मी स्थानीय लोगों से अभ्रद व्यवहार करते हैं।
विधायक मिथलेश पाल ने बताया कि टोल चलने पर पहले तो कंपनी ने स्थानीय युवाओं को नौकरी पर रखा और उसके बाद उन्हें बिना कारण बताए नौकरी से निकाल दिया। इसके बाद बेरोजगार युवाओं ने विधायक से शिकायत की। स्थानीय युवाओं को नौकरी मिलनी चाहिए। उधर, नया गांव भुम्मा निवासी कुलदीप पाल ने आरोप लगाया कि वह कंपनी में कई वर्षां से काम कर रहे हैं और कंपनी ने उन्हें नौकरी से निकाल दिया है।
कर्मचारियों पर अभद्रता का आरोप
टोल मैनेजर पर रामराज निवासी किसान नेता हर्ष पाल के साथ फोन पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया। यहां से गुजरने वाले लोगों ने कहा कि कर्मचारी आए दिन अभद्रता करते हैं। विधायक मिथलेश पाल ने मैनेजर आकाश चौधरी से उच्चाधिकारियों को बुलाने की मांग की। इसके बाद तहसीलदार श्रद्धा गुप्ता भी मौके पर पहुंच गईं।
धरने के दौरान फ्री कराया टोल
टोल फ्री होने के बाद भी स्थानीय लोगों से टोल वसूले जाने पर दर्जनों पीड़ित मौके पर पहुंच गए। विधायक व पूर्व मंत्री को आपबीती बताई। इससे स्थानीय लोग, कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और टोल प्लाजा की सभी लाइनों के बैरियर हटाकर टोल फ्री कर दिया।