शहर के मोहल्ला प्रेमपुरी निवासी आदित्य (25) बुधवार रात बाइक पर सवार होकर बाईपास से घर की ओर जा रहा था। संधावली पुल से नीचे उतरने पर उसकी बाइक अज्ञात वाहन से टकरा गई। घायल आदित्य को रात के समय जिला चिकित्सालय के आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया गया।
आरोप है कि इस दौरान ड्यूटी के दौरान स्टाफ नर्स सीमा की ओर से आदित्य के तीमारदार से अच्छी देखभाल के लिए रिश्वत की मांग की गई। तीमारदार ने 200 रुपये दिये तो स्टाफ नर्स ने कहा कि ये रुपये सभी में बंटते हैं। किसी को 10 तो किसी को 20 रुपये मिलते हैं। रिश्वत देकर नर्स की ओर से दी गई सफाई का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। जिसमें वह यह भी कहती सुनाई दे रही है कि उसने तो स्टाफ का मान रखते हुए सिर्फ 300 रुपये मांगे हैं, वरना वह सीधे 500 रुपये की मांग करती।
सीएमएस डॉ. संजय वर्मा का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में है। फिलहाल स्टाफ नर्स सीमा को ड्यूटी से हटा दिया है। मामले की विस्तृत जांच कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।