रविवार सुबह बारिश में नहाते हुए तीन साल का अवि अपने पांच साल के भाई के साथ घर से बाहर चला गया था। तभी वह नाले में डूब गया था। चार दिन बाद बुधवार को उसका शव मिला।
शेरनगर में रविवार सुबह बारिश के दौरान नहाते हुए पैर फिसलने पर तालाब में डूबे तीन वर्षीय अवि उर्फ अभय का शव बुधवार को चौथे दिन तालाब की झाड़ियों में फंसा मिला। शव घर पहुंचा तो मां ज्योति, पिता राहुल, परदादा बुजुर्ग प्रकाशा की आंखों से आंसू निकल पड़े। मां बेटे के शव को गले से लगाकर बेसुध हो गई। बाबा प्रकाशा व पिता राहुल के हाथ भी मासूम अवि के शव को छूते हुए कांप रहे थे।
विज्ञापन
बालक की तलाश मछुआरों ने की।
- फोटो : अमर उजाला
पिछले चार दिन से जिस बालक अवि को गोताखोर सहित अन्य टीम तलाश रही थी और सफलता न पाकर वापस लौट गई। उसी अवि को प्रधान इकराम अंसारी के लगाए मछुआरों की टीम ने तलाश लिया। मछुआरों की टीम मंगलवार दोपहर से तालाब में बालक को तलाश रही थी। शाम लगभग पांच बजे टीम के सदस्य तालाब में फैली झाड़ियों को काट कर बाहर निकाल रहे थे तभी बालक उन्हें झाड़ियों में अटका मिला।
उन्होंने बालक को निकाला और तालाब के किनारे पर मौजूद परिजनों को सौंप दिया। वह शव को घर ले गए। घर पर शोक छा गया। सैकड़ों लोगों की भीड़ लग गई। तब शव को गांव के रामलीला मैदान में ले जाया गया। वहां ग्रामीणों ने बालक को देखा। लगभग एक घंटा शव रखने के बाद एंबुलेंस बुलाकर नई मंडी पुलिस ने शव को मोर्चरी भेज दिया। गांव में शोक छाया है।
चार लाख की आर्थिक सहायता दिलाने की कही बात
प्रधान इकराम अंसारी ने बताया कि बालक को तलाशने के लिए बुलाई गई सभी टीम वापस लौट गई थीं। उन्होंने बाहर से 20 मछुआरों को बुलाया था। मछुआरों का कहना था कि तालाब का पानी साफ करना जरूरी है। इसके लिए तालाब में सफाई कर झाड़ियों व अन्य बेल को बाहर निकालना होगा।
उन्होंने सफाई की, इसी के चलते बालक को तलाशा जा सका। बताया कि उन्होंने जिलाधिकारी से मिलकर पीड़ित परिवार के लिए चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कराई है।
यह था मामला
रविवार सुबह मूसलाधार बारिश हुई थी। नई मंडी कोतवाली के गांव शेरनगर में राहुल का तीन वर्षीय बेटा अवि बारिश में नहाते समय पैर फिसलने से नाले में बह गया था। चूंकि नाले का पानी गांव के तालाब में जाता है, इसी के चलते बालक को उसी दिन से तालाब में तलाशा जा रहा है।
नाले में पड़ा मिला शव
नगर के महावीर चौक पर बुधवार शाम सर्विस क्लब के पास नाले में वहलना निवासी ऋषिपाल (55) का शव पड़ा मिला। शिनाख्त कराकर पुलिस ने मोर्चरी भेज दिया। पुलिस का कहना है कि ऋषिपाल शराब पीने का आदी था। प्रकाश चौक पर सर्विस क्लब के सामने बनी पुलिया पर बैठा हुआ था। शराब के नशे में संतुलन बिगड़ने के कारण नाले में गिरने से उसकी मृत्यु हो गई। सूचना देने पर परिजन पहुंच गए थे। घटना एक हादसा है।