खतौली के लाल दयाल पब्लिक स्कूल के उप सचिव राजवीर वर्मा पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने प्रधानाचार्या ममता दत्त शर्मा समेत नौ आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। तीन अज्ञात हमलावरों की भूमिका साबित नहीं हुई।
उप सचिव पर 19 मई को स्कूल में पूजा करने के दौरान हमला हुआ था। लखनऊ तक प्रकरण की गूंज हो चुकी है। पुलिस ने जांच के बाद आरोप पत्र दाखिल किया गया। पीड़ित के बेटे कर्मवीर सिंह ने 20 मई को मुकदमा दर्ज कराया था।
मुकदमे में दर्शाए गए तीन आरोपी जांच में साबित नहीं हुए। पुलिस ने नौ आरोपियों के खिलाफ ही चार्जशीट पेश की। पूर्व प्रधानाचार्य ममता दत्त शर्मा समेत सभी आरोपियों के खिलाफ नोटिस भी जारी किए गए हैं।
इनके खिलाफ दाखिल हुआ आरोपपत्र
आरोपी ताजपुर निवासी आशीष चौधरी, दौराला के नगली साधारण निवासी चालक अजीत , पंकज एवं प्रमोद,टबीटा निवासी ट्रांसपोर्ट इंचार्ज श्रीकांत, दौराल के पीरपुर निवासी रवि मास्टर, बहादुरपुर निवासी रोबिन, मेरठ निवासी शिक्षिका और पूर्व प्रधानाचार्या ममता दत्त शर्मा के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया है।
तीन आरोपियों पर बढ़ाई गई यह धारा
पुलिस ने आरोपपत्र में तीन आरोपियों पर अमानत में ख्यानत की धारा बढ़ाई है। आरोपी आशीष चौधरी, श्रीकांत और प्रमोद पर धारा बढ़ाई गई। अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। चार आरोपियों की गिरफ्तारी पर स्टे है।
सीओ पर लगाए थे गंभीर आरोप
हमले के बाद राजवीर सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर पूर्व प्रधानाचार्या ममता दत्त शर्मा और उनके जीजा डॉ. मलय शर्मा समेत कई लोगों पर अपनी जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई थी। यही नहीं अधिकारियों को मृत्यु पूर्व बयान के नाम से पत्र भेजा गया था।