आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की जनसभा का आयोजन जीआईसी मैदान में किया गया। नगीना सांसद चंद्रशेखर ने कहा कि यूपी में डिटेंशन सेंटर से एक वर्ग को डराया जा रहा है। हमारी सरकार बनेगी तो हम इन पर ताला डाल देंगे।
आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि बिहार की तरह यूपी में एसआईआर के जरिए वोट चोरी नहीं होने दी जाएगी। कार्यकर्ताओं से कहा कि बीएलओ की बगल में कुर्सी नहीं खाट डाल लेना। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ डिटेंशन सेंटर के जरिए डराना चाहते हैं लेकिन जब हमें ताकत मिलेगी तो इन सेंटरों पर ताला लटका देंगे।
विज्ञापन
Trending Videos
रैली में मौजूद लोग।
- फोटो : अमर उजाला
संविधान दिवस पर राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान पर आयोजित सहारनपुर, मेरठ और मुरादाबाद मंडल की संवैधानिक अधिकार बचाओ भाईचारा बनाओ रैली में नगीना सांसद ने कहा कि बाबा साहेब आंबेडकर और मनुवादी विचारधारा के बीच संघर्ष चला आ रहा है। याद रखना जो सत्ता में बैठेगा, उसे ही आगे आने का मौका मिलेगा।
जनवरी में पदयात्रा के जरिए दलितों एवं पिछड़ों को निजी क्षेत्र में आरक्षण दिलाने और बैलेट से चुनाव कराने के लिए आंदोलन होगा। भाजपा सरकार में जो बोलता है, उसके घर पर बुलडोजर चल जाता है। कटाक्ष करते हुए कहा कि जो इनका विरोध करता है वह राष्ट्रविरोधी हो जाता है और जो पार्टी ज्वाइन कर लेता है वही राष्ट्रवादी हो जाता है।
500 रुपये प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य, मेरठ में हाईकोर्ट बेंच
आसपा अध्यक्ष ने कहा कि किसान बेहाल है। एक क्विंटल गन्ना उत्पादन पर 350 रुपये से अधिक की लागत आती है लेकिन भाव 400 रुपये ही मिल रहा है। यदि 2027 में उनकी पार्टी सत्ता में आई तो गन्ना मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल देंगे। भुगतान की व्यवस्था 14 दिन के बदले नौ दिन में कराई जाएगी। हाईकोर्ट की अतिरिक्त बैंच स्थापित कराएगी। मौजूदा सरकार ने एससी-एसटी और ओबीसी के 20 हजार पद समाप्त कर दिए हैं। ठेकेदारी खत्म कर युवाओं को पक्की नौकरी दिलाई जाएगी।
आसपा में शामिल हुए पूर्व विधायक शाहनवाज राना
पूर्व विधायक शाहनवाज राना रैली के मंच पर पहुंचे और उन्होंने नगीना सांसद के सामने आसपा की सदस्यता ली। इससे पहले मीरापुर विधानसभा के उपचुनाव के दौरान भी राना के आसपा में शामिल होने की चर्चा चली थी लेकिन तब वह शामिल नहीं हुए थे।
प्रत्येक व्यक्ति को दिलाएंगे अधिकार : आलम
आसपा पश्चिमी प्रभारी और पूर्व विधायक नवाजिश आलम ने कहा कि जिस पार्टी का गठन पांच साल पहले हुआ, आज उसका डंका चारों ओर बज रहा है। प्रत्येक वर्ग को उसका अधिकार दिलाने के लिए आसपा अंतिम छोर तक संघर्ष करेगी। अपने भाषण को विराम देते हुए शेर पढ़ा-हमीं को क़ातिल कहेगी दुनिया, हमारा ही कत्लेआम होगा।
मुस्लिम नेताओं का उत्पीड़न, भेजा जा रहा जेल : शाहनवाज
पूर्व विधायक शाहनवाज राना ने कहा कि मौजूदा सरकार में मुस्लिमों का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्हें जेल भेजा जा रहा है लेकिन नेता कुछ नहीं बोल रहे हैं। आसपा में एकजुटता के साथ वह विधानसभा 2027 के लिए काम करेंगे।
न बटेंगे न कटेंगे और एक रहेंगे : रविन्द्र भाटी
आसपा के राष्ट्रीय महासचिव रविंद्र भाटी ने कहा कि न बटेंगे और न कटेंगे। सभी लोग एक रहेंगे और मजबूत रहेंगे। तानाशाह सरकार को उखाड़कर फेंकना होगा। वह तोड़ने की बात करेंगे तो आसपा जोड़ने की बात करेगी।
भाजपा को एकजुटता से हराएंगे : आलम
पूर्व सांसद अमीर आलम खां ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव का परिणाम सभी ने देख लिया। उसको समझकर आगे बढ़ने की जरूरत है। आसपा एकजुटता के साथ ही बीजेपी को हराएगी। यदि मुस्लिम एकजुट न हुए तो भाजपा को हरा नहीं पाएंगे।
गरीब, किसान-मजदूर भी बदल सकते हैं सरकार : रतन
भीम आर्मी भारत एकता मंच राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन सिंह ने कहा कि वोट में बड़ी ताकत है। बड़े सियासी लोगों को जनता बता चुकी है कि सत्ता कैसे बदली जाती है। गरीब, किसान-मजदूर के बच्चे देश की व्यवस्था बदल सकते हैं।