दबंगई को सत्कार, सिफारिश से होता काम
मुजफ्फरनगर। जनपद में खाकी की कार्यप्रणाली विवादों को जन्म दे रही है। पशु कटान की सूचना पर पहुंची पुलिस के विरोध का एक माह पुराना वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक दबंग पुलिस से कटान की शिकायत करने वाले को धमकी दे रहा है, जिसका विरोध करने वाले पुलिस कर्मियों को भी वह धमकी दे रहा है। इस घटना के डेढ़ माह के भीतर एक पुलिस कर्मी लाइन हाजिर कर दिया गया था, दूसरे का ट्रांसफर। अब वीडियो वायरल होने के बाद एसओ भी लाइन हाजिर किया गया है।
मामला थाना ककरौली का है, जहां एक दबंग प्रवृत्ति के युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई है। वायरल वीडियो गत एक मई की है, जब ककरौली पुलिस पशु कटान की सूचना पर एक घर में दबिश देने गई थी। वहां शाहनवाज नामक व्यक्ति दबिश का विरोध करता है। पुलिस टीम के समक्ष ही जमकर गाली-गलौज करते हुए शिकायतकर्ता को गोली मारने की धमकी देता है। दबिश वाले घर में लड़कियां होने की बात कहते हुए पुलिस टीम को अपमानित भी करता है। जब आरोपी की हरकतें लगातार बढ़ती जाती हैं तो पुलिस टीम में शामिल कांस्टेबल नितिन शर्मा व हर्ष त्यागी उसका विरोध करते हैं, जिस पर दबंग कप्तान से बात कर उनके खिलाफ कार्रवाई कराने और थाने में नहीं रहने देने की धमकी देता है। पुलिस कार्यप्रणाली तब सवालों के घेरे में आ जाती है, दबंग के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाती उल्टे, उसका विरोध करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ ही कार्रवाई हो जाती है। थाना प्रभारी ककरौली विजय बहादुर सिंह का कहना है कि दोनों सिपाहियों के खिलाफ क्यों कार्रवाई की गई न तो उन्हें इसका पता है और न ही दबंग द्वारा दोनों सिपाहियों को दी गई चेतावनी की जानकारी है।
दबंग के पुलिस टीम के साथ की गई बदसलूकी की उन्हें जानकारी नहीं है। कांस्टेबल के खिलाफ कार्रवाई विभागीय ड्यूटी का हिस्सा है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। यदि कोई व्यक्ति इस तरह पुलिस टीम के समक्ष बदसलूकी करता है और धमकी देता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। अभिषेक यादव, एसएसपी मुजफ्फरनगर
ककरौली इंस्पेक्टर किए गए लाइन हाजिर
मुजफ्फरनगर। सोशल मीडिया पर वायरल हुए ककरौली थाना क्षेत्र के वीडियो के बाद एसएसपी अभिषेक यादव ने ककरौली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विजय बहादुर को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। उनके स्थान पर खतौली एसएसआई मुकेश सोलंकी को ककरौली थाने की कमान सौंपी गई है। थाना ककरौली में प्राप्त हो रही शिकायतों व अपराध की रोकथाम न करने और शिथिल पर्यवेक्षण के चलते इंस्पेक्टर को लाइन हाजिर किए जाने की बात कही गई है। इस कार्रवाई को वायरल वीडियो से जोड़कर देखा जा रहा है।
82 गांव के ‘ठेकेदार’ का दो थानों में रूआब
मुजफ्फरनगर। सोशल मीडिया पर ककरौली का ही एक और अॅाडियो वायरल हो रहा है। जिसमें 82 गांवों के ‘ठेकेदार’ की भी कुछ वायरल ऑडियो जनपद पुलिस की कार्यप्रणाली की पोल खोल रहीं हैं। खाकी की प्रतिष्ठा पर सवाल खड़े करती ये ऑडियो क्लिप भोपा व ककरौली क्षेत्र के दो लोगों की हैं। अलग-अलग इन ऑडियो में एक युवक दूसरे को राजू खान के नाम से संबोधित करते हुए उसे भोपा व ककरौली थाना क्षेत्र का ‘ठेकेदार’ बताते हुए कह रहा है कि उसकी मर्जी के बिना सट्टा, जुआ समेत अन्य अवैध धंधे नहीं होते। वार्ता में कथित राजू खान को भोपा क्षेत्र के 55 और ककरौली के 27 गांवों का ‘ठेकेदार’ बताया जा रहा है, जहां के वांछितों को पकड़ने के लिए इन थानों की पुलिस को भी इस कथित ‘ठेकेदार’ की ‘सिफारिश’ चाहिए। वार्ता में युवक भोपा थाना प्रभारी का नाम लेते हुए उनके कहने पर गुडवर्क की खातिर गांव खेड़ी फिरोजाबाद के उस वांछित को पकड़वाने के लिए कह रहा है, जिस पर एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। एसएसपी अभिषेक यादव का कहना है कि यह प्रकरण उनके संज्ञान में आया है, जिसकी जांच कराई जा रही है। बहुत जल्द पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी से मिला भाजपा प्रतिनिधि मंडल
मुजफ्फरनगर। भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला के नेतृत्व में पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को एसएसपी से मिला। इसके बाद मामले के निपट जाने की बात कही जा रही है। विजय शुक्ला का कहना है कि हमने अपनी बात अफसरों और लखनऊ में संगठन के पदाधिकारियों तक पहुंचा दी है। केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालिया शनिवार को इस मामले को लेकर भाजपा पदाधिकारियों से मिलेंगे।
नई मंडी कोतवाली में भाजपा पदाधिकारियों के साथ किए गए दुर्व्यवहार के मामले को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला के नेतृत्व में एसएसपी अभिषेक यादव से मिला। इस प्रतिनिधि मंडल में जिला महामंत्री सुषमा पुंडीर, जिला मंत्री वैभव त्यागी, सचिन सिंघल, मीडिया प्रभारी प्रवीण शर्मा, अचिंत मित्तल मौजूद रहे। भाजपा नेताओं ने नईमंडी की पूरी घटना एसएसपी के सामने रखी। एसएसपी ने इंस्पेक्टर के व्यवहार पर खेद प्रकट करते हुए आगे से ऐसी घटना नहीं होने की बात कही। इसके बाद भाजपा नेता लौट आए। एसएसपी का कहना है कि इंस्पेक्टर के साथ जो विवाद था वह निपट गया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला का कहना है कि उन्होंने अपनी बात एसएसपी के सामने रख दी है। जिले के तीनों मंत्रियों के संज्ञान में मामला है। पार्टी हाईकमान को पूरी स्थिति से अवगत करा दिया है। अब जो भी निर्णय लेना है पार्टी लेगी। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान शनिवार को पार्टी पदाधिकारियों के साथ इस प्रकरण को लेकर बातचीत करेंगे। कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि बालियान उनके मान-सम्मान की रक्षा करेंगे। बालियान का कहना है कि कार्यकर्ता पार्टी के लिए अहम है, वह कार्यकर्ताओं की पीड़ा सुनेंगे। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई होगी। प्रदेश के राज्य मंत्री कपिलदेव अग्रवाल का कहना है कि पार्टी पदाधिकारियों की एसएसपी से बात हो गई है और मामला निपट गया है।