- 19.46 हेक्टेयर जमीन कंपनी को देने के लिए हस्ताक्षर किए
- नदी पर पुल और मार्ग बनाकर कंपनी को देगी नगर पालिका
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। कूड़े से बिजली बनाने के लिए नगर पालिका ने नीदरलैंड की जीसी इंटरनेशनल कंपनी से करार कर लिया है। कंपनी और पालिका के अधिकारियों ने करार पर हस्ताक्षर किए। पालिका ने कंपनी को 19.46 हेक्टेयर जमीन उपलब्ध करा दी है। पालिका कंपनी को नदी पर पुल और मार्ग बनाकर देगी।
नीदरलैंड जीसी इंटर नेशनल कंपनी और नगर पालिका के बीच कूड़े से बिजली बनाने को लेकर करार हो गया है। शहर का समस्त कूड़ा किदवईनगर की पालिका की जमीन पर एकत्र है। नगर पालिका के ईओ हेमराज और कंपनी के अधिकारियों के बीच हुए करार में किदवईनगर की 19.46 हेक्टेयर जमीन को नीदरलैंड की कंपनी को सौंप दिया गया है। पालिका कार्यालय में करार की समस्त कागजी कार्रवाई की गई। इससे पहले एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहाुदर सिंह ने किदवईनगर में नीदरलैंड की कंपनी जीसी इंटरनेशनल की ओर से बनाए जा रहे वेस्ट टू ऐनर्जी प्लाट का कंपनी के प्रतिनिधियों ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एडीएम ने प्लांट तक पहुंचने के संपर्क मार्ग, कूड़े के ढेर एवं निस्तारण के संबंध में जानकारी प्राप्त की एवं कंपनी के प्रतिनिधिमंडल को समस्त आवश्यक कार्रवाई समय पर पूर्ण किए जाने का आश्वासन दिया।
एडीएम ने बताया कि प्लांट निर्माण के लिए कंपनी को नगर पालिका परिषद ने 19.46 हेक्टेयर भूमि को हस्तांतरित कर दिया है। सेतू निगम एवं लोक निर्माण विभाग की ओर से प्लांट तक मशीनरी इत्यादि की पहुंच के लिए संपर्क मार्ग एवं ब्रिज निर्माण की कार्रवाई प्रगति में है, जिसे शीघ्र ही पूर्ण करा दिया जाएगा। उप जिलाधिकारी सदर परमानंद झा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद हेमराज एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।