संवाद न्यूज एजेंसी
मोरना। महर्षि शुकदेव इंटर कॉलेज के मैदान पर आयोजित शहीद भगत सिंह वॉलीबाल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। मोरना ने कुटबी की टीम को पराजित कर खिताब जीता। विजेताओं को सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में गांव धीराहेड़ी, नंगला मुबारिक, करहेड़ा, भोकरहेड़ी, अथाई, कुटबी, बहुपुरा, एलपीएन दिल्ली और मोरना समेत अन्य टीमों के बीच मुकाबले हुए। प्रथम सेमीफाइनल मुकाबले में मोरना ने भोकरहेड़ी को 3-2 से और दूसरे सेमीफाइनल में मोनू कुटबी क्लब ने एलपीएन दिल्ली की टीम को 3-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में मोरना की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मोनू क्लब कुटबी की टीम को 15-12, 15-11, 16-14 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री अमित राठी और विशिष्ट अतिथि डॉ. विवेक बालियान ने प्रतियोगिता की विजेता टीम मोरना को 31,000 रुपये व उपविजेता टीम को 15,000 व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इससे पहले वॉलीबाल खिलाड़ी राजीव राठी, प्रधान संगठन अध्यक्ष मोरना रविंद्र छोटा, समाजसेवी मनोज चौधरी, सहकारी समिति भोपा अध्यक्ष कपिल राठी ने युवा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस्सर सिंह व पिंटू दूधाहेड़ी ने निर्णायक की भूमिका निभाई। मोहम्मद इदरीश बसेड़ा ने शानदार कमेंट्री की। आयोजन में विकल, शेखर, अंकित बालियान, आकाश, रजत चौधरी, अंकुर, नीरज राठी, अनमोल आदि मौजूद रहे।