स्कूटी नहीं हटाने पर हंगामा, संघर्ष, महिला घायल
अमर उजाला ब्यूरो
खतौली। रास्ते से स्कूटी नहीं हटाने को लेकर हंगामा खड़ा हो गया, जिसको लेकर दोनों पक्षों के लोग आमने सामने हो गए और संघर्ष हो गया। हमले में एक महिला भी घायल हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में ले लिया है।
मोहल्ला गणेशपुरी में शेखर व उसका पिता मिंटू ट्रैक्टर ट्रॉली में रेत भरकर अपने घर की ओर आ रहे थेे। मोहल्ले में मकान के पास पड़ोसी टिन्नू की स्कूटी खड़ी थी। शेखर व उसके पिता मिंटू ने टीनू व पप्पू से अपनी स्कूटी को हटवाने को कहा। स्कूटी हटाने में देरी हो जाने से शेखर ने गालीगलौज शुरू कर दी, जिससे दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। हमले में एक महिला भी घायल हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों से महिला सहित चार लोगों को हिरासत में ले लिया है। थाने में दोनों पक्षों से जिम्मेदार लोग आपस में समझौता कराने के लिए एकत्र हैं और समझौते के प्रयास चल रहे हैं।