विधायक और चेयरमैन ने रामलीला का उद्घाटन किया
शाहपुर। कस्बे की जाहरवीर गोगा जी की म्हाड़ी पर बड़े पर्दे पर दिखाई जाने वाली प्रेरणामयी रामलीला का शुभारंभ विधायक उमेश मलिक व नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमेश सैनी ने संयुक्त रूप से किया।
इस दौरान विधायक ने कहा कि वह गांव व कस्बा धन्य हो जाता है, जहां भगवान श्रीराम की कथा का गुणगान होता है । उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श हमारे जीवन में आज भी प्रासंगिक हैं। भगवान श्रीराम ने समाज को सामाजिक समरसता का संदेश दिया। देश व प्रदेश में रामराज्य की परिकल्पना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्य कर रहे हैं। रामलीला के दौरान कोरोना संक्रमण के चलते मास्क का प्रयोग करने के साथ सामाजिक दूरी बनाए रखने की लोगों से अपील की। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमेश सैनी ने कहा कि रामायण ऐसा ग्रंथ है, जिसका नायक भी शिक्षा देता है और खलनायक भी शिक्षा देता है। इस दौरान रामलीला समिति के संरक्षक सतीश सैनी व अध्यक्ष रविंद्र सैनी ने सभी अतिथियों का सम्मान कर आभार व्यक्त किया। इस दौरान धर्मवीर कश्यप , डॉक्टर सतीश सैनी, डॉक्टर शिवकुमार सैनी , शोभाराम कश्यप, मोनू सैनी , कुलदीप प्रजापति, कपिल सैनी , अरविंद पाल, रवि अरोरा, अजय गोयल , नरेंद्र सैनी, सभासद उमेश गोयल, संजय सौदाई , मनोज सैनी आदि उपस्थित रहे।