- सर्वे में चिह्नित 26 हजार से अधिक बच्चे और पांच हजार से अधिक गर्भवती महिलाओं को लगेंगे टीके
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। जिले के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से सघन मिशन इंद्रधनुष 5.0 अभियान कल से शुरु होगा। इसमें शून्य से पांच साल तक के बच्चों और गर्भवती महिलाओं को छुटे हुए टीके लगाए जाएंगे। यह अभियान एक सप्ताह तक चलेगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महावीर सिंह फौजदार ने बताया कि जिले में सात अगस्त से शुरु होने वाले अभियान के तहत ऐसे बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा, जिनका किसी कारणवश टीकाकरण छूट गया हो। इसके साथ ही लक्षित गर्भवती महिलाओं को भी शामिल किया जाएगा और उनको भी टीकाकृत किया जाएगा।
अभियान के लिए पांच लाख 17 हजार 69 परिवारों का सर्वे किया गया था। इसमें पांच वर्ष की आयु के दो लाख 94 हजार 945 में से 26 हजार 51 बच्चे ऐसे मिले, जिनका किसी कारण टीकाकरण बीच में छूट गया था। इसके साथ ही सर्वे में पांच हजार 426 गर्भवती महिलाओं को भी टीकाकरण के लिए लक्षित किया गया है।
सीएमओ डॉ. फौजदार ने कहा कि टीकाकरण से बच्चों को 12 गंभीर बीमारियों टीबी, पोलियो, गलघोटू, काली खांसी, डायरिया, निमोनिया, मीजल्स रूबैल्ला टिटनेस, मम्स हेपेटाइटिस बी, दिमागी बुखार से बचाया जा सकता है।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस 10 को
सीएमओ डॉ. महावीर सिंह फौजदार ने बताया कि 10 अगस्त को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जाएगा। इसमें एक से 19 वर्ष तक के व्यक्ति को पेट के कीड़ों से छुटकारे के लिए दी जाने वाली गोली खिलाई जाएगी। सभी स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों पर अल्बेंडाजोल की गोली बच्चों और किशोर/किशोरी को खिलाई जाएगी।