शाहपुर। थाना क्षेत्र के पलड़ी गांव से संदिग्ध हालात में लापता हुआ मजदूर मुरसलीन मेरठ के कंकरखेड़ा से पुलिस को मिल गया। पलड़ी निवासी धोबी महमूद का बेटा मुरसलीन राजमिस्त्री के पास मजदूरी करता है। मंगलवार शाम को वह मजदूरी से लौटकर पिता की दुकान के कपड़े लेकर साइकिल से शाहडब्बर गांव गया था। कसेरवा और पलड़ी के बीच संदिग्ध हालात में लापता हो गया था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मजदूर के मोबाइल से 50 हजार रुपये की रंगदारी के लिए अपहरण की कॉल आई थी। पुलिस और ग्रामीण बताए गए पते पर पहुंची तो वहां कोई नहीं मिला। मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गया। बुधवार को दोबारा मुरसलीन के मोबाइल से परिजनों को कॉल की गई। मोबाइल की लोकेशन के आधार पर पीड़ित मेरठ के कंकरखेड़ा से मिल गया। पुलिस जांच की जा रही है।