मंत्री जी, दशा सुधारने के लिए गोद ले लो गांव
मुजफ्फरनगर, खतौली। इंडियन आइडल से चर्चाओं में आई फरमानी नाज से मिलने पहुंचे केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान को गांव मोहम्मदपुर माफी के ग्रामीणों ने जनसमस्याओं से अवगत कराते हुए इनके निराकरण की मांग की।
ग्राम प्रधान प्रमोद कुमार ने गांव की बदहाल स्थिति की जानकारी देते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री से गांव की दशा सुधारने के लिए इसे गोद लेने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य समस्या गांव के मुख्य मार्ग की है, जिससे होकर निकलना सभी के लिए काफी विकट है। इस संबंध में ग्राम प्रधान ने बताया कि मार्ग निर्माण में लगभग 57.50 लाख रुपये की लागत आने की संभावना है, जबकि इस्टीमेट कम राशि का बनाया जा रहा है। इस पर केंद्रीय राज्यमंत्री ने संबंधित विभाग के अधिकारी से फोन पर वार्ता कर इस संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद डॉ बालियान ने ग्रामीणों को गांव की मुख्य सड़क जल्द ही बनवाने का आश्वासन दिया। इस दौरान मनोज, सतेंद्र प्रधान, प्रीतम प्रधान, गौरव शर्मा, अतुल शर्मा, प्रवेज सिंह, सुरेश, रविकांत, अय्यूब, कासिफ, सरताज, अमित उपाध्याय, विनोद कुमार और सरताज समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
़