गन्ने का सर्वे कराए जाने से मिल ने हाथ खड़े किए
रोहाना (मुजफ्फरनगर)। आईपीएल की शुगर रोहाना मिल का पेराई सत्र अंतिम चरण में है। इस बार गन्ने की बंपर पैदावार से किसानों के खेतों में उनके गन्ना सट्टे से अधिक गन्ना खेतों में खड़ा है। रोहाना, रेई, बहेड़ी आदि गांवों के किसानों ने मिल गन्ना प्रबंधक नरेश मलिक का विरोध कर मिल में गन्ना आपूर्ति करने के लिए खेतों में खड़े गन्ने के सर्वे की मांग की, तो मिल ने सर्वे कराए जाने से हाथ खड़े कर दिए हैं। गन्ना प्रबंधक ने बताया कि गन्ना सर्वे का कार्य गन्ना विकास परिषद करता है, उसके मुताबिक ही मिल की पेराई क्षमता को देखते हुए लक्ष्य निर्धारित होता है। गन्ना परिषद ने अतिरिक्त गन्ने का सर्वे कर मिल को सूची दी है। मिल प्रधान प्रबंधक लोकेश कुमार ने बताया कि मिल को गन्ना आपूर्ति करने के लिए 32 लाख क्विंटल का लक्ष्य मिला था। मिल ने 6 मई तक अपनी क्षमता के अनुसार 30 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई कर चुका है। जबकि पिछले वर्ष 25 लाख गन्ने की पेराई की गई थी। मिल समिति के पर्ची कलेंडर के आधार पर गन्ना आपूर्ति करती है। जिला गन्ना अधिकारी द्विवेदी ने बताया किसानों की समस्या का निराकरण के लिए ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक और कर्मचारी अपने कार्यालय में रहेंगे।