मुजफ्फरनगर। गर्मी और लू से लोग बेहाल हैं। दिन के तापमान में 1.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन गर्मी से कोई राहत नहीं मिली। दोपहर के समय सड़कों पर आवागमन कम नजर आया। एयर क्वालिटी इंडेक्स 230 बना हुआ है। ओपीडी में मरीजों की संख्या 2258 पर पहुंच गई।
रविवार के मुकाबले सोमवार दिन के तापमान में गिरावट रही। करीब 10 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चली लू के कारण लोग बेहाल नजर आए। गर्मी का आम जनजीवन पर असर नजर आया। लोग सुबह 11 से शाम चार बजे तक घर से निकले से बचते नजर आए। इससे पहले रविवार रात का न्यूनतम तापमान 26.7 रिकॉर्ड किया गया। मई माह की अब तक की यह सबसे गर्म रात भी रही। शनिवार रात के मुकाबले रविवार रात का न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री बढ़ गया।
सोमवार को स्वामी कल्याण देव जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या 2258 पर पहुंच गई। वहीं गर्मी के चलते डिहाइड्रेशन के मामले सबसे ज्यादा बढ़ रहे हैं। सीएमओ डॉ. महावीर सिंह फौजदार का कहना है कि लू से बचाव करें। तेज धूप के समय घर से नहीं निकलना चाहिए। आंखों को बचाने के लिए चश्मे का प्रयोग करें। हवा की खराब गुणवत्ता के कारण मास्क का प्रयोग जरूर करना चाहिए।
इनसेट
इस तरह हो रहा तापमान में बदलाव
तिथि तापमान
20 मई 40.5 डिग्री
19 मई 42.2 डिग्री
18 मई 42.0 डिग्री
17 मई 41.6 डिग्री
इनसेट
बह रही खराब गुणवत्ता की हवा
तिथि एक्यूआई
20 मई 230
19 मई 239
18 मई 323
17 मई 322
इनसेट
जिला अस्पताल में बढ़ रहे मरीज
20 मई
2258
19 मई
रविवार
18 मई
1797
17 मई
2062