मुजफ्फरनगर के मेरठ रोड पर कंपनी बाग के सामने सड़क में हुआ गडढा।।
- फोटो : amar ujala
मुजफ्फरनगर में जल निगम की ओर से सीवर लाइन बिछाने के बाद बनाई गई मेरठ रोड करीब 14 दिन में ही धंसनी शुरू हो गई है। सदर तहसील के सामने बड़ा और गहरा गड्ढा बन गया। निर्माण से गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बारिश की वजह से गहरा गड्ढा हादसों को न्योता दे रहा है।
जल निगम शहर में सीवरेज के लिए पाइप लाइन डालने का काम कर रहा है। इसी के चलते मेरठ रोड पर पिछले कई महीने से कार्य चल रहा था। जगह-जगह से मार्ग को खोदा गया था। मुख्य मार्ग से सटी कॉलोनियों में सीवरेज लाइन डालने का कार्य किया जा रहा था। एक बड़े हिस्से में पाईप लाईन डालने का काम पूरा हो चुका है। कांवड़ यात्रा से पहले जिला प्रशासन ने मेरठ रोड को पूरी तरह तैयार कराया था। जल निगम ने सूजडू पुलिस चौकी से लेकर केशवपुरी के मुख्य गेट तक सड़क तैयार की थी। लेकिन सदर तहसील के सामने शुक्रवार को सड़क धंस गई और गहरा गड्ढा बन गया। गनीमत रही की कांवड यात्रा के दौरान सड़क में कोई परेशानी नहीं हुई। कांवड़ यात्रा के दो दिन बाद ही तहसील के सामने 14 दिन पहले बनाई गई सड़क पूरी तरह धंस गई।
हादसों को न्योता दे रहा है गड्ढा
सड़क में गहरा गड्ढा हो गया है, जो हादसों को न्योता दे रहा है। जिस जगह सड़क धंसी लोगों के वाहन तहसील में जाने के लिए यहीं से मुड़ते हैं।