उपचुनाव के लिए होने वाले मतदान को शांतिपूर्वक व सकुशल कराने के लिए मेरठ, बिजनौर व हरिद्वार जनपद की सीमा को सील कर दिय गया है। एसएसपी अभिषेक सिंह ने पुलिस लाइन में पुलिस व अर्द्धसैनिक बलों के अधिकारियों को चुनाव आयोग के निर्देशों की जानकारी दी। मतदान निष्पक्ष कराने के साथ ही शरारती तत्वों से सख्ती से निपटने के आदेश दिए।
एसएसपी ने कहा कि मतदान सकुशल व निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए पुलिस व अर्द्धसैनिक बल, पीएसी की ड्यूटी लगाई है। थानावार रिजर्व मोबाइल, क्यूआरटी का गठन किया है। सभी अधिकारी क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगे। मतदान केंद्र के आसपास भीड़ एकत्रित न होने दें। मतदान केंद्र के अंदर कोई भी व्यक्ति मोबाइल न ले जाने पाए। यदि कोई व्यक्ति मतदान में विघ्न डालने, कोई मतदाता चुनाव आयोग के निर्देशों का उल्लंघन का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
पुलिसकर्मी पोलिंग पार्टी के साथ ही ईवीएम को स्ट्रांग रूम (कूकड़ा मंडी स्थल) में जमा कराने के बाद ही निर्वाचन ड्यूटी से मुक्त होंगे। इस दौरान एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत, एसपी देहात आदित्य बंसल सहित सभी पुलिस अधिकारी व अर्द्धसैनिक बल व पीएसी के अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस ने सोमवार शाम को हरिद्वार, बिजनौर व मेरठ की सीमा को सील कर दिया।
यह पुलिस बल रहेगा तैनात
छह एएसपी, आठ सीओ, 15 थाना प्रभारी, आठ कंपनी अर्द्धसैनिक बल, तीन कंपनी व एक प्लाटून पीएसी के जवान समेत तीन हजार पुलिसकर्मी तैनात किए हैं। वहीं सहारनपुर, शामली, बागपत, हापुड़, मेरठ व बुलंदशहर की पुलिस को ड्यूटी के लिए बुलाया गया है।
यहां रहेगा पुलिस का पहरा
अंतर जनपदीय सीमा-जानसठ के घटायन गंगनहर, मीरापुर के नंगला खेपड़, रामराज के गंगा बैराज व रामराज में एसबीआई के पास।
अंतराज्यीय सीमा -हरिद्वार से सटी मुजफ्फरनगर जनपद की सीमा पुरकाजी के भूराहेड़ी चेक पोस्ट, बूढ़पुर जट सीमा, दादूपुर सीमा, बढ़ीवाला सीमा के अलावा मजलिसपुर तोफीर व सिताबपुरी सीमा।