शाहपुर के गांव शाहजुड्डी में बलिदानी विवेक देशवाल स्मृति द्वार का शिलान्यास करते भाकियू सुप्री
शाहपुर। क्षेत्र के गांव शाहजुड्डी निवासी बलिदानी विवेक देशवाल की प्रथम पुण्यतिथि पर हवन आयोजित किया गया। बलिदानी लांस नायक की याद में स्मृति द्वार का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया गया।
गांव शाहजुड्डी निवासी संतरपाल देशवाल के पुत्र विवेक देशवाल सेना में लांस नायक के पद पर तैनात थे। दो नवंबर 2024 को अनंतनाग जिले में आतंकवादियों से लोहा लेते हुए उन्होंने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। बुधवार को भाकियू सुप्रीमो चौधरी नरेश टिकैत, देशवाल खाप के चौधरी शरणवीर सिंह, सर्वखाप मंत्री सुभाष बालियान, सपा सांसद हरेंद्र मलिक, बागपत के सांसद राजकुमार सांगवान, क्षेत्रीय विधायक राजपाल बालियान, यशवीर आश्रम योग साधना केंद्र बघरा के संस्थापक स्वामी यशवीर महाराज, पूर्व विधायक उमेश मलिक और जाट महासभा मुजफ्फरनगर के जिला अध्यक्ष धर्मवीर बालियान ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
बलिदानी की स्मृति को अमर बनाए रखने के लिए सोरम गोयला मार्ग से गांव शाहजुड्डी जाने वाले मार्ग पर बलिदानी विवेक देशवाल स्मृति द्वार के निर्माण के लिए भूमि पूजन व शिलान्यास किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि स्मृति द्वार चरथावल विधायक पंकज मलिक के प्रयासों से तैयार कराया जाएगा ।
क्षेत्रीय रालोद विधायक राजपाल बालियान ने बताया कि गांव शाहजुड्डी जाने वाले मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण का प्रयास किया जाएगा और मार्ग का नाम बलिदानी विवेक देशवाल मार्ग रखा जाएगा। हवन में बलिदानी के पिता संतरपाल देशवाल, ताऊ सतपाल देशवाल व सुरेश पाल देशवाल, चाचा सत्येंद्र देशवाल व नरेंद्र देशवाल मौजूद रहे।